Betul News: बैतूल नपा में स्थिति अनियंत्रित: सहायक ग्रेड-1 प्रजापति के इस्तीफे से गरमाया माहौल
Betul News: Situation uncontrolled in Betul Napa: Atmosphere heated up due to resignation of Assistant Grade-1 Prajapati

फाइलों के आगे बढ़ाने पर अक्सर विवाद की स्थिति, सीएमओ के अवकाश पर जाने से भी बिगड़ रहे हालात
Betul News: बैतूल। जिला मुख्यालय की नपा में पिछले दो माह से स्थिति नियंत्रण के बाहर हो गई है। यह बात इसलिए दावे के साथ कही जा रही है, क्योंकि सीएमओ सतीष मटसेनिया अधीनस्थों पर नियंत्रण नहीं रख पा रहे हैं। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्हें मीडिया ने भी प्रमुखता से इस बात का अवगत कराया था, लेकिन उन्होंने दावा किया था कि लापरवाह को पहल दो नोटिस दिए जाएंगे, फिर तीसरे नोटिस में उनकी रवानगी हो जाएगी।
उनकी इस बात में कितना दम है, 2 माह के कार्यकाल के बाद देखने को मिल चुका है। उनके लगातार अवकाश पर रहने के कारण व्यवस्थाएं बेपटरी होते जा रही है। फाइलों के बढ़ते दबाव के कारण नगरपालिका की लोक निर्माण शाखा के सहायक ग्रेड-ृ1 सुभाष प्रजापति के नाराज होकर इस्तीफा दिए जाने के बाद मामला गरमा गया है। हालांकि नपा अध्यक्ष पार्वती बारस्कर ने सूझबूझ का परिचय देते कहा कि प्रजापति को बुलाकर समझाइश दी जाएगी।
बैतूल नपा में कर्मचारी अपने मनमर्जी के मालिक है। हर शाखा में जिस तरह काम का ढर्रा चल रहा है, इससे आम लोग खासे परेशान है। पिछले दो माह से नए सीएमओ के आने के बाद स्थितियां और बदल गई है। कहने का तात्पर्य यह है कि नौ दिन चले अढ़ाई कोस से होकर उन्हें आगे का रास्ता तय करना पड़ रहा है। सीएम हेल्पलाइन में भी बैतूल नपा पहले लगातार 6 माह तक एमपी में टॉप पर रही, लेकिन इस समय जो हालात यह है कि यह किसी से नहीं छिपे है।
नए सीएमओ सतीष मटसेनिया कार्यालय आ रहे हैं, लेकिन उनका नियंत्रण कर्मचारियों पर नहीं है। इसका खामियाजा आए दिनों नपा में विवादों की स्थिति के बाद देखने को मिल रहा है। यह बात जनप्रतिनिधियों से भी नहीं छिपी है। कहा जा रहा है कि कुछ राजनैतिक हस्तक्षेप के कारण काम का ढर्रा भी बेतरतीब हो गया है। इसके आड़ में अधिकांश शाखा के अधिकारी और कर्मचाररी लापरवाह होते जा रहे हैं और आए दिन विवाद की स्थिति बन रही है।
प्रजापति मामले से गरमाई राजनीति
जानकार सूत्र बताते हैं कि लोकनिर्माण शाखा में पिछले 30 वर्षों से पदस्थ सहायक ग्रेड-1 सुभाष प्रजापति ने सोमवार को दोपहर स्वैछिक सेवानिवृत्ति का आवेदन देकर हड़कंप मचा दिया है। उन्होंने अपने सेवानिवृत्ति संबंधित सामान्य आवेदन सीएमओ के नाम देकर केवल इतना कहना है कि 30 वर्ष की सेवा पूर्ण होने के बाद 30 जनवरी से वे अनिवार्य सेवानिवृत्ति लेना चाहते हैं।
उनका सेवानिवृत्ति आवेदन स्वीकृत किया जाए। उनके आवेदन के बाद अधीक्षक ने मामले में सीएमओ की अनुपस्थिति में स्थापना शाखा की ओर प्रजापति का स्वेच्छिक सेवानिवृत्ति पत्र भेज दिया है।
अध्यक्ष से अनबन के बाद इस्तीफे की चर्चा
सूत्र बताते हैं कि नपा अध्यक्ष पार्वती बाई बारस्कर से सोमवार को मोबाइल पर अनबन के बाद आवेश में आकर प्रजापति ने अपना स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति का आवेदन दे डाला। उनके इस कदम के बाद पूरी नपा में हड़कंप मच गया। चर्चा है कि कुछ वार्डों के काम के फाइले आगे बढ़ाने को लेकर नपा अध्यक्ष ने उन्हें निर्देश दिए थे।
कहा तो यह भी जा रहा है कि फाइलों को लेकर पीडब्ल्यूडी शाखा में न सिर्फ प्रजापति, बल्कि अन्य कर्मचारियों पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और ठेकेदारों का भी दबाव रहता है। इसी वजह पूर्व में भी पीडब्ल्यूडी शाखा में विवाद की स्थिति बनी है। सबसे वरिष्ठ लिपिक के इस्तीफे के बाद नपा में भूचाल आया हुआ है। प्रजापति को समझाइश देने के भी प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि वरिष्ठ कर्मचारी की सेवा नपा को पूर्ववत मिलते रहे।
पेंडेसी फाइलों को लेकर अक्सर तकरार
सूत्र बताते हैं कि पीडब्ल्यूडी शाखा में पेंडेसी अधिक रहने के कारण कई बार पार्षद और जनप्रतिनिधियों की अधिकारियों से झड़प हो चुकी है। एक मर्तबा पूर्व नपा अध्यक्ष और विकास वार्ड के पार्षद आनंद प्रजापति ने कटाक्ष वाली प्रतिक्रिया फेसबुक पर लिखते हुए कहा था कि लोक निर्माण शाखा में फाइलें वजन से दबी है। इस पर कई लोगों ने तीखी प्रतिक्रिया भी दी थी।
हालांकि पूर्व सीएमओ ने स्थिति को नियंत्रण में लेते बैठक लेकर व्यवस्थाएं बनाने का प्रयास किया, लेकिन नए सीएमओ के आने के बाद अधिकारियों और ठेकेदारों की एक बार भी बैठक नहीं हुई।
इसी वजह पेंडेसी के कारण आए दिनों ठेकेदार भी अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे हैं। कहा जा रहा है कि नपा की वित्तीय स्थिति भी खराब होने के कारण कई निर्माण कार्य के टेंडर नहीं लग पा रहे हैं। पार्षदों की नाराजगी भी खुलकर सामने आ रही है। स्थिति नियंत्रण नहीं होने के कारण स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति जैसे कदम उठाने पड़ रहे हैं।
इनका कहना…
मैंने सहायक ग्रेड -1 सुभाष प्रजापति से महिला पार्षदों के वार्डों के टेंडर लगाने के लिए कहा था। उन्होंने कहा कि मुझसे काम नहीं होता, मैं परेशान हो गया हूं, काम नहीं करना चाहता। मैंने उन्हें नौकरी न छोड़ने की सलाह भी देते हुए यह विकल्प नहीं होने की बात भी कही। मैं आज प्रजापति को बुलवाकर बात भी करूंगी।
पार्वती बाई बारस्कर, नपा अध्यक्ष बैतूल
मैंने स्वेच्छा से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति का आवेदन दिया है। 30 वर्ष की सेवा के बाद अनिवार्य सेवानिवृत्ति लेना चाहता हूं।
सुभाष प्रजापति, सहायक ग्रेड-1 नपा बैतूल




