Betul Ki Khabar: ढाबों पर शराब बिक्री की खबर के बाद पुलिस का कई जगह छापा

एसपी ने थाने की टीम पर किया भरोसा, अलर्ट हुए संचालक, पुलिस के हाथ खाली
Betul Ki Khabar: बैतूल। जिला मुख्यालय और उसके आसपास से सटे ढाबों पर खुलेआम शराब बिकने और पिलाने के मामले को एसपी वीरेंद्र जैन ने सख्ती से लिया है। सांझवीर टाईम्स में पिछले दो दिनों से प्रकाशित समाचारों को गंभीरता से संज्ञान में लेते हुए उन्होंने एसडीओपी सुनील लाटा को ढाबों के सघन निरीक्षक के निर्देश दिए, लेकिन जैसा की होना था, वहीं हुआ और पुलिस के पहुंचने के पहले ही ढाबा संचालकों को भनक लग गई। इसी वजह पुलिस की टीम अधिकारियों को खुश करने के लिए केवल काउंटर की जांच कर बैरंग लौट गई। हालांकि सांझवीर की खबर के बाद पुलिस की इस कार्रवाई से ढाबा संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है।

जिला मुख्यालय के आसपास ढाबों में जिस तरह शराब पिलाने के लिए केबिन बनाए गए हैं। यहां पर घंटों बैठकर शराबखोरी करने के बाद आए दिनों विवाद की स्थिति बन रही है। कुछ दिनों पहले ही बडोरा के एक ढाबे पर चाकूबाजी हुई थी। इसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ। अन्य ढाबों में भी एक माह में कई घटनाएं होने से ढाबे सुरक्षित माने नहीं जा रहे हैं। हालांकि आबकारी और पुलिस ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। सांझवीर टाईम्स में पिछले दो दिनों से सिलसिलेवार खबरें प्रकाशित होने के बाद पुलिस विभाग की नींद तो खुल गई, लेकिन आबकारी विभाग अभी भी सोया हुआ है। एसपी ने वीरेंद्र जैन ने ढाबों पर शराब बिक्री और अघोषित आहता बार पर शराब पिलाने के मामले को गंभीरता से लिया और बीती रात एसडीओपी लाटा के नेतृत्व में बैतूलबाजार और कोतवाली थाने के अंतर्गत आने वाले ढाबों की जांच की गई।

पुलिस के हाथ आखिर क्यों खाली?
करीब एक दर्जन से अधिक ढाबों की जांच में कोतवाली और बैतूलबाजार पुलिस के हाथ खाली रहे। सांझवीर टाईम्स ने अपने खबर में पहले ही उल्लेख किया था कि ढाबों पर पुलिसकर्मियों की आवाजाही लगातार बनी रहती है। यदि अधिकारी ढाबे पर लगे एक माह के सीसीटीवी कैमरे का अवलोकन करवा लें तो स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। बीती रात ऐसा ही हुआ जब एसपी की नाराजगी के बाद कोतवाली और बैतूलबाजार थाने की टीम ढाबे पर पहुंची तो केवल काउंटर में शराब का निरीक्षण कर बैरंग लौट आई।

जबकि अघोषित आहता में बनाए गए केबिन में शराब पीने वाले का अभयदान दे दिया गया। सूत्र तो यह भी बताते हैं कि पुलिस कार्रवाई की भनक उनके ही विभाग के विभिषणों ने छापे के पहले ढाबे संचालकों को पहुंचा दी। इससे उन्हें अलर्ट होने का मौका मिल गया और पुलिस की कार्रवाई केवल दिखावा साबित हो गई।

सतत जारी रहेगा अभियान
ढाबों पर शराब पिलाने और बेचने को लेकर पुलिस की कार्रवाई सतत जारी रहेगी। एसपी वीरेंद्र जैन ने इस बात पर जोर दिया कि ढाबों का नियमित निरीक्षण किया जाएगा। ढाबों पर अनैतिक गतिविधियों को लेकर सांझवीर टाईम्स भी निगरानी करते हुए ढाबों पर बिकने वाली शराब और अन्य गतिविधियों पर स्टिंग आपरेशन कर अधिकारियों तक पहुंचाएंगे।




