Betul News: पदभार ग्रहण करने के बाद जो कहा था, पूरा होने से संतुष्ट
Betul News: Satisfied with the fulfillment of what was said after taking charge

कलेक्टर को जिले में एक वर्ष का कार्यकाल पूरा, बोले- सीएम की ट्रायवल की योजना मील का पत्थर साबित हो रही
Betul News: बैतूल। आज से एक वर्ष पहले कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने पदभार ग्रहण किया था, तब जिले के लोगों के मन में आशंकाएं थी कि नए अफसर जिले के लिए क्या कर पाएंगे? इसके इतर कलेक्टर ने पदभार ग्रहण करने के बाद जो बात मीडिया से कही थी, शत प्रतिशत पूरी होते दिखाई दे रही है।
विकास को लेकर उन्होंने जो खाका पहली बार मीडिया के सामने रखा था, यह लक्ष्य की ओर बढ़ता दिखाई दे रहा है। संयोगवश जिस दिन पदभार ग्रहण किया था, तब नए वर्ष 2024 का शुरुआती दिन था, उन्होंने लक्ष्य निर्धारित किया था कि शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए जनप्रतिनिधियों-अधिकारियों से सामंजस्य स्थापित कर पूरा करेंगे।
इस लक्ष्य में कलेक्टर सौ टका खरे उतरे हैं। अपने एक वर्ष के कार्यकाल को लेकर सांझवीर टाईम्स से उन्होंने बेबाकी से जो बात कही, इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि जिले के विकास को लेकर उनमें अभी भी काफी ललक है।
बीते वर्ष के पहले दिन पदभार ग्रहण करने वाले जिले के नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी संभवत: पहले कलेक्टर थे। यही वजह है कि पहले दिन की शुरुआत अच्छी हुई तो वर्ष का अंत भी अच्छा कहा जा रहा है। सांझवीर टाईम्स से अपने एक वर्ष के कार्यकाल को सांझा करते हुए कलेक्टर सूर्यवंशी काफी आत्मविश्वास से भरे दिखे। उन्होंने कहा कि पदभार ग्रहण करने के बाद शासन की योजनाओं में पिछड़े विभागों को आगे लाना प्राथमिकता थी।
हर टाइम लिमिट की बैठक में अधिकारियों को इसके लिए प्रेरित किया। वे मानते हैं कि जरूरत पड़ने पर योजनाओं का क्रियान्वयन ठीक न होने के कारण कड़क मिजाज भी होना पड़ा, लेकिन इसका सकारत्मक परिणाम सामने आने के बाद मुख्यमंत्री की योजनाएं अमली जामा पहनने लगी है। वे बताते हैं कि बीते वर्ष जिले में कई बड़ी उपलब्धियां हासिल हुई हैं। नए वर्ष में इन्हें अंजाम तक पहुंचाना लक्ष्य रखा है।
जिले को बीते वर्ष में मिले कई अवसर
सांझवीर टाईम्स से खास चर्चा में कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों के निराकरण में जिले को टॉप सूची में लाना उनका लक्ष्य था। इसमें काफी हद तक सफलता मिली। पर्यटन को लेकर खाका तैयार किया गया है। इसमें भी बीते वर्ष काफी सकारात्मक काम किए गए हैं। मिथेन गैस को लेकर तैयारियां चल रही हैं। जनप्रतिनिधियों के प्रयास से सारणी में नई यूनिट और नई खदानें खुलने का काम प्रगति पर है।
उन्होंने बताया कि पीएम स्वनिधि योजना में सारणी नपा को राष्ट्रीय पुरस्कार मिलना गर्व की बात है। बैतूल और चिचोली नपा को भी बेहतर काम के लिए सम्मानित किया गया है। आयुष्मान कार्ड को लेकर भी अधिकारियों ने तालमेल स्थापित कर अच्छा प्रयास किया है।
जिला पंचायत की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि आयुष्मान कार्ड उपलब्ध कराने के लिए तालमेल स्थापित कर काम हुआ है। वूडन क्लस्टर का टॉस्क को भी अंतिम रूप देना बाकी है, लेकिन इस पर काम काफी आगे बढ़ गया है। उन्होंने बताया कि पदभार ग्रहण करने के बाद शासकीय योजनाओं को प्रगति पर लाना था, यह लक्ष्य पूरा कर लिया गया है।
बैतूल के लोगों का कोई सानी नहीं
एक प्रश्न के जवाब में कलेक्टर सूर्यवंशी ने बेबाकी से कहा कि बैतूल जिले के लोगों का कोई सानी नहीं। वे बताते हैं कि पदभार ग्रहण करने के बाद वे थोड़े भ्रमित थे कि आदिवासी क्षेत्र में कैसे काम कर पाएंगे, लेकिन समय के साथ यहां के लोग काफी निकट आ गए।
कलेक्टर ने कहा कि जिले के लोग संवेदनशील होने के साथ जागरूक है। किसी मामले में उन्हें समझाइश दी जाती है तो इसका अनुपालन भी करते हैं। जिले को लेकर उन्होंने बताया कि आदिवासी बाहुल्य होने के बाद काफी प्रगति पर है। यहां पर विकास की काफी संभावनाएं हैं। सभी लोग तालमेल स्थापित कर काम कर रहे हैं, इसलिए जिला विकास की राह पर चल पड़ा है।
जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर तालमेल
कलेक्टर ने एक वर्ष के अपने कार्यकाल के लिए स्थानीय सांसद और केंद्रीय मंत्री के अलावा पांचों विधायकों के मिले सहयोग की मुक्तकंठ से प्रशंसा की है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों के साथ तालमेल स्थापित कर प्रदेश के ऊर्जावान मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का लक्ष्य पूरा किया जा रहा है। कलेक्टर कहते हैं कि सीएम की ट्रायवल को लेकर शुरू की गई योजना इस समय मिल का पत्थर साबित हो रही है।
हमारे जनप्रतिनिधि भी इन योजनाओं को लेकर अधिकारियों से तालमेल स्थापित कर जिले को विकास की राह पर लेकर चल पड़े हैं। कलेक्टर ने कहा कि जनप्रतिनिधियों के तालमेल स्थापित कर वर्ष 2025 में भी उद्योग, शिक्षा, रोजगार, चिकित्सा और अन्य क्षेत्र में जिले को शिखर पर पहुंचाना उनका लक्ष्य रहेगा।




