Betul Ki Khabar: कड़कड़ाती ठंड में कराह रहे बिना छत के रहने वाले गरीब

Betul Ki Khabar: Poor people living without roof are groaning in the harsh cold.

कलेक्टर के निर्देश के बावजूद अब तक नहीं जले अलाव

Betul Ki Khabar: बैतूल। जिले में ठंड लगातार अपना असर दिखा रही है। सुबह और रात के समय ठंडी हवाओं के कारण लोग ठिठुरने को मजबूर हैं। ऐसे में बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और अस्पताल जैसे सार्वजनिक स्थलों पर आग तापने की सुविधा न होने से मुसाफिरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रभारी कलेक्टर अक्षत जैन ने नगर पालिका के अधिकारियों को ठंड से राहत के लिए शहर के प्रमुख स्थानों पर अलाव जलाने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद नगर पालिका प्रशासन ने अभी तक किसी भी स्थान पर अलाव जलाने की व्यवस्था नहीं की है। ठंड के बढ़ते प्रकोप के बीच प्रशासन की यह लापरवाही आमजन के लिए मुसीबत का कारण बन गई है।

बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और जिला अस्पताल परिसर में दिन-रात लोगों की आवाजाही बनी रहती है। कई गरीब और जरूरतमंद लोग रात में यहीं ठहरते हैं। अलाव नहीं जलने से ये लोग कड़ाके की ठंड में ठिठुरते नजर आते हैं। लोगों ने बताया कि रात में ठंडी हवाएं चलने से खुले स्थानों पर ठहरना मुश्किल हो गया है। कई यात्रियों को गर्मी पाने के लिए प्लास्टिक या कागज जलाकर खुद ही आग जलानी पड़ती है। सोशल मीडिया पर भी नागरिकों ने नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। लोगों ने बार-बार पोस्ट कर प्रमुख स्थानों पर अलाव जलाने की मांग की है। स्वयं प्रभारी कलेक्टर ने भी ठंड की गंभीरता को देखते हुए आवश्यक निर्देश दिए थे, लेकिन नपा अधिकारी उन पर ध्यान नहीं दे रहे हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल ठंड से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। गुरुवार को बैतूल का न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से नीचे है। उत्तर भारत से आने वाली ठंडी हवाओं ने बैतूल सहित पूरे क्षेत्र में सर्दी का असर और बढ़ा दिया है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव रहेगा, लेकिन ठंड का असर जारी रहेगा। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सार्वजनिक स्थानों पर तत्काल अलाव जलाने की व्यवस्था की जाए, ताकि गरीब और यात्रियों को सर्दी से कुछ राहत मिल सके।

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button