Betul News: 40 दिन बाद भी 4 आरोपियों को नहीं पकड़ सकी पुलिस, विरोध में बंद रहा बाजार, हाई कोर्ट ने भी नहीं दी आरोपियों को अग्रिम जमानत

Betul News: Police could not catch 4 accused even after 40 days, market remained closed in protest, even High Court did not grant anticipatory bail to the accused.

बगडोना से सारनी तक रैली निकालकर दर्ज किया विरोध

▪️कालीदास चौरासे, सारनी।

Betul News: बहुचर्चित भाजपा मंडल उपाध्यक्ष आत्महत्या मामले में कुंबी समाज, व्यापारिक और सामाजिक, राजनीतिक संगठनों द्वारा शहर बंद रखकर विरोध दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस महानिरीक्षक के नाम ज्ञापन टीआई देवकरण डहेरिया को सौंपा। सुबह से दोपहर तक लगभग बाजार बंद रहे। कुंबी समाज संगठन द्वारा बंद का आह्वान किया गया था। जिसे कई संगठनों और राजनीतिक दलों का समर्थन मिला। सुबह से ही बाजार बंद रखने को लेकर लोग सड़क पर उतरते रहे।

बगडोना से सारनी तक व्यापारी, कुंबी समाज संगठन, आम जनता और राजनीतिक दलों के नेताओं द्वारा बाजार बंद रखने का आह्वान करते हुए रैली निकाली। गौरतलब है कि 7 भाजपा मंडल उपाध्यक्ष रविन्द्र देशमुख ने 7 अक्टूबर को 6 पेज को सुसाइड नोट छोड़कर कनपटी पर गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। पुलिस ने सुसाइड नोट के आधार पर 10 लोगों के खिलाफ बीएनएस की धारा 108, 3 (5) का प्रकरण दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी। लेकिन 40 दिनों से अधिक समय बितने के बाद भी 10 में से 4 आरोपियों को पुलिस नहीं पकड़ सकी। इसी के खिलाफ कुंबी समाज समेत अन्य संगठनों ने बाजार बंद कराकर विरोध दर्ज किया।

रात में पहुंची पुलिस

शहर के बगडोना में स्थित मानसी गेस्ट हाउस या उसके आसपास भाजपा नेता रंजीत सिंह की मौजूदगी की खबर लगते ही पुलिस ने रात में ही घेरा डाल लिया। एक एक कमरे चेक किए। लेकिन आरोपी नहीं मिला। बताया जा रहा है कि रविवार दोपहर से ही यह खबर शहर में चर्चा का विषय थी कि आत्महत्या मामले में फरार चल रहा एक आरोपी बगडोना में रहकर फरारी काट रहा है। इसके बाद पुलिस ने शाम होते ही गेस्ट हाउस को घेरकर तलाशी शुरू कर दी। हालांकि तलाशी के बावजूद पुलिस के हाथ खाली रहे।

फिर बढ़ी जमानत की तारीख

डब्ल्यूसीएल कर्मी अनिल खवसे और भाजपा नेता रविन्द्र देशमुख आत्महत्या मामले में जेल में बंद और फरार चल रहे आरोपियों को एक बार फिर हाई कोर्ट से झटका लगा है। फरार चल रहे रंजीत सिंह, करण सूर्यवंशी, नाजिया बानो और प्रकाश शिवहरे की अग्रिम जमानत की तारीख बढ़कर 25 नवंबर हो गई है। वहीं इस मामले में अभिषेक साहू, नसीम रजा, भोला सिंह, दीपक शिवहरे, शमीम रजा और प्रमोद गुप्ता जेल में बंद है। इनमें से भी 4 आरोपियों की जमानत की तारीख बढ़कर 25 नवंबर हो गई है।

बंद के दौरान अलर्ट रहा प्रशासन

कुंबी समाज और व्यापारिक संगठनों के बंद के दौरान पूरी तरह प्रशासन अलर्ट रहा। चप्पे चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहा। सुरक्षा की दृष्टि से तीन थानों का बल बगडोना से सारनी तक लगा रहा। इधर प्रशासन भी बंद को देखते हुए मुस्तैद रहा। नायब तहसीलदार पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए थे। बंद और रैली के बाद सभी जय स्तंभ चौक पर एकत्रित हुए। जहां नायब तहसीलदार, चोपना, रानीपुर टीआई की मौजूदगी में सारनी टीआई को ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान सारनी टीआई ने कुंबी समाज और व्यापारियों को आश्वस्त किया कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी होगी।

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button