मार्च 2025 तक पूर्ण होगा अमृत भारत बैतूल रेलवे स्टेशन: डीआरएम

बैतूल। नागपुर रेल मंडल के अंतर्गत आने वाले रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण करने के उद्देश्य से डीआरएम मनीष अग्रवाल शनिवार सुबह 9.30 बजे स्पेशल ट्रेन से बैतूल स्टेशन पहुंचे। जहां उन्होंने रेलवे गोडाउन सहित स्टेशन पर संचालित कैंटिन रिले कक्ष, प्लेटफार्म और ओवरब्रिज सहित संपूर्ण रेलवे स्टेशन का सूक्ष्मता से निरीक्षण किया। इस दौरान बैतूल रेलवे स्टेशन के समस्त स्टॉफ सहित रेल मंडल का स्टॉफ भी मौके पर उपस्थित था। निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने काफी बारिकी से प्रत्येक व्यवस्थाओं का जायजा लिया और रेलवे स्टेशन पर लगे फायर सेफ्टी सिस्टम के विषय में भी अधिकारियों से जानकारी लीं। अग्रवाल ने सांझवीर टाईम्स के संवाददाता से की गई चर्चा में उन्होंने बताया कि अमृत भारत रेलवे स्टेशन का कार्य वर्तमान में धीमी गति से चल रहा है, लेकिन हमारा टारगेट है कि मार्च 2025 तक इस कार्य को पूर्ण कर लिया जाएगा। वहीं तीसरी रेलवे लाइन के निर्माण को लेकर भी उन्होंने 2026 तक की डेडलाइन तय की है।
डिजाइन डिसाइड करने में लगा समय
अमृत भारत रेलवे स्टेशन के अंतर्गत बैतूल रेलवे स्टेशन का भी लगभग 30 करोड़ की लागत से सौंदर्यीकरण किया जाना है, जिसमें यात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए कई तब्दिलियां की जाएगी, लेकिन मौजूदा हालातों में अमृत भारत रेलवे स्टेशन के कार्य में गति नहीं आने के सवाल पर मनीष अग्रवाल ने बताया कि अमृत भारत रेलवे स्टेशन के अंतर्गत पूरे देश में यात्रियों को सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए सौंदर्यीकरण किया जाना है।
बड़ा प्रोजेक्ट होने के कारण और यात्रियों की सुविधाओं को देखते हुए डिजाइन आदि डिसाइड करने में थोड़ा समय जरूर लगा है, लेकिन हमारा टारगेट है कि मार्च 2025 तक बैतूल रेलवे स्टेशन का सौंदर्यीकरण अमृत भारत रेलवे स्टेशन की योजना के अंतर्गत कर दिया जाएगा, जिससे रेल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं भी प्राप्त हो सकेगी और रेलवे अपने उद्देश्यों में भी सफलता प्राप्त करेगा। चर्चा के दौरान उन्होंने रेलवे स्टेशन की व्यवस्थाओं को लेकर लोकल स्टॉफ की सराहना भी की।

तीसरी लाइन निर्माण में आई तेजी
इटारसी से चिंचडा तक वर्तमान में तीसरी रेलवे लाइन निर्माण का काम चल रहा है, लेकिन प्राथमिक तौर पर सोनाघाटी तक ही इसका काम हो सका है। कार्य की गति अत्यंत धीमी होने के सवाल पर डीआरएम मनीष अग्रवाल ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि तीसरी लाइन जल्द से जल्द पूर्ण हो, इसके लिए रेलवे पूरी तरह प्रतिबद्ध है, क्योंकि तीसरी लाइन के शुरु होने से परिवहन में रेलवे को जहां काफी सुविधा मिलेगी तो वहीं रेलवे के राजस्व में भी वृद्धि होगी।
इन्हीं सब कारणों को दृष्टिगत रखते हुए कंस्ट्रक्शन कंपनी को काम में तेजी लाने के निर्देश दिए गए है और निर्देश के बाद तेजी से काम भी शुरु कर दिया गया है। मौजूदा हालातों में मंडल के अंतर्गत आने वाले चिचंडा रेलवे स्टेशन से बैतूल स्टेशन की तरफ तीसरी लाइन का काम तेजी से किया जा रहा है। आने वाले कुछ महीनों में लगभग 3 ब्लॉक पूर्ण कर लिए जाएंगे और वर्ष 2026 आते-आते इटारसी रेलवे स्टेशन तक तीसरी लाइन का काम लगभग पूर्ण कर लिया जाएगा।
रेलवे गोडाउन मरामझिरी शिफ्ट करने पर फोकस
वर्तमान में रेलवे स्टेशन ठीक बाजू में बना हुआ रेलवे गोडाउन यातायात की दृष्टि से लोगों के लिए एक बड़ी समस्या बना हुआ है। डीआरएम मनीष अग्रवाल ने गोडाउन का निरीक्षण करने के बाद सांझवीर टाईम्स संवाददाता को बताया कि बैतूल स्टेशन पर संचालित रेलवे गोडाउन विभाग के लिए खासा महत्व रखता है, क्योंकि यहां से बड़े पैमाने पर लोडिंग-अनलोडिंग होने से रेलवे को अच्छा-खासा राजस्व भी प्राप्त होता है, लेकिन समस्या यह है कि रेलवे गोडाउन शहर के बीचों-बीच होने से आम लोगों को भी परेशान होना पड़ता है। गोडाउन का निरीक्षण किया गया है और मरामझिरी रेलवे स्टेशन का निरीक्षण भी किया जा रहा है।
सभी संभावनाओं पर विचार विमर्श करने के बाद रेलवे गोडाउन मरामझिरी रेलवे स्टेशन पर शिफ्ट किया जाएगा, ताकि शहर के बीचों-बीच आम लोगों को समस्याओं का सामना ना करना पड़े। अधिकारियों से औपचारिक चर्चा के बाद डीआरएम मनीष अग्रवाल मरामझिरी रेलवे स्टेशन के लिए रवाना हो गए।




