Betul Nagar Palika Video : पांच माह बाद नपा का सम्मेलन, कांग्रेसी पार्षदों का जमकर हंगामा
नेता प्रतिपक्ष बोले- अधिकारी गुमराह करते रहे तो उनका मुंह काला करेंगे, माचना जयंती पर 10 लाख रुपए के बजट पर भी सहमति बनी

Betul Nagar Palika Video : बैतूल। लोकसभा चुनाव और व्यस्तता के करीब पांच माह बाद मंगलवार को नगरपालिका के सम्मेलन में एक बार फिर निर्माण कार्यो में भेदभाव को लेकर कांग्रेसी पार्षदों ने हंगामा कर दिया। बैठक की शुरूआत में ही कांग्रेसी पार्षद मुखर हो गए। अपने वार्डो में निर्माण कार्य नहीं होने से नाराज पार्षदों ने नपाध्यक्ष और अधिकारियों पर कई गंभीर आरोप लगाए।
अध्यक्ष और अधिकारियों में तालमेल न होने से नाखुश नेताप्रतिपक्ष राजकुमार दीवान ने बैठक में कहा कि आगे भी ऐसा चलता रहा तो वे अधिकारियों पर मुंह काला करेंगे। नेताप्रतिपक्ष के इस ऐलान के बाद बैठक में सन्नाटा पसर गया। इस दौरान सभी 35 विषयो पर सहमति बन गई। वहीं माचना जयंती मनाने के लिए 10 लाख का बजट स्वीकृत हो गया है।
बाल मंदिर सभागृह में मंगलवार को लंबे समय बाद नपा का सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में नपाध्यक्ष पार्वती बारस्कर, उपाध्यक्ष महेश राठौर, सीएमओ ओमपाल सिंह भदौरिया समेत पार्षद और अधिकारी मौजूद थे। सम्मेलन में हालांकि नए विषय शामिल नहीं किए गए थे, लेकिन 35 पुराने विषयों पर चर्चा की गई। अधिकांश विषय पर सहमति तो बन गई, लेकिन कुछ पर पार्षदों की नाराजगी भी सामने आई है। नपाध्यक्ष ने परिषद के सम्मेलन में सभी 35 एजेंडों का वाचन किया। इस पर कांग्रेस के पार्षद आपत्ति उठाते रहे, लेकिन सभी विषय पारित कर लिए गए।
कांग्रेसी पार्षदों का फिर हंगामा
नपा के सम्मेलन शुरू होते ही हमेशा मुखर रहने वाले नेता प्रतिपक्ष राजकुमार दीवान, कांग्रेस पार्षद नंदनी तिवारी, अशोक नागले, नफीस खान ने भेदभाव का आरोप लगाना शुरू किए। इसकी शुरूआत नेता प्रतिपक्ष दीवान की और कहा कि नगरपालिका कामों और बजट के लिए कांग्रेसी पार्षदों के साथ भेदभाव कर रही है। उनका आरोप था कि भाजपा पार्षदों के वार्ड में मनमाना बजट दिया जा रहा है और कांग्रेसी पार्षदों के वार्ड में भेदभाव किया जा रहा है।
पार्षद नंदनी तिवारी ने कहा कि पिछले दो वर्षो से अपने वार्ड स्थित स्कूलों में छात्र-छात्राओं के शौचालय बनाने की मांग कर रही है, लेकिन हर बार मांग को बजट का अभाव बताकर अनसुना कर दिया जा रहा है। उनका आरोप था कि छोटी छात्राओं के मामले में भाजपा परिषद कोई सूध नहीं ले रही है। उनके वार्ड में 16 तारीख को निर्माण कार्यो के टेंडर लगाए, किसके कहने पर किए। इस पर अध्यक्ष बारस्कर ने कहा कि उनसे कोई चर्चा नहीं की गई। जबकि सीएमओ जवाब नहीं दे पाए।
पार्षद के डस्ट बिछाने पर भी बवाल
नेता प्रतिपक्ष दिवान ने पार्षद नंदनी तिवारी को अपने वार्ड में डस्ट बिछाने के लिए जेसीबी नहीं दिए जाने पर भी तीखे सवाल किए। बैठक में उन्होंने कहा कि जेसीबी के लिए अध्यक्ष से बात करने का कहा जाता है। अधिकारी कहते है कि अध्यक्ष से बात करो और अध्यक्ष अधिकारियों पर टाल रहे है। इस पर नपाध्यक्ष ने कहा कि वार्ड में एक ओर डम्पर डस्ट लाना था, उसके पहले ही पार्षद ने फावड़ा उठाकर डस्ट बिछाना शुरू कर दिया। नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि नाली की सफाई के लिए अधिकारियों को फोन लगाओ तो भी नपाध्यक्ष से बात करने कहा जाता है।
उन्होंने अधिकारियों का रवैया इसी तरह तो संबंधितों का मुंह काला करने से पीछे नहीं हटेंगे। इसी दौरान राजेन्द्र वार्ड की पार्षद अर्चना साहू ने अपने वार्ड में 6 माह से एलईडी लाईट न लगने पर नाराजगी जताई। दूसरी तरफ नेता प्रतिपक्ष ने ठेकेदारों को नपा की जेसीबी उपलब्ध कराने पर आपत्ति जताई तो नपाध्यक्ष पार्वती बारस्कर ने अधिकारियों से इस पर संज्ञान लेने के लिए कहा। इस बीच सम्मेलन में 35 विषयों पर चर्चा करने के बाद इस पर सहमति बन गई।




