Betul Ki Khabar: सहकारी समिति के चुनाव की गजब कहानी, मत पत्र में आकाश को बना दिया प्रकाश

Betul Ki Khabar: Amazing story of cooperative society elections, the sky turned into light in the ballot paper

मतगणना के दौरान आई आपत्ति तो चुनाव करने पड़े स्थगित

Betul Ki Khabar: बैतूल/ चिचोली। बहु उद्देशीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति चिचोली के संचालक मंडल के चुनाव में बड़ी खामी सामने आई है। चुनाव में उपयोग किये गए मतपत्रों में संचालक पद उम्मीदवार का नाम ही परिवर्तित कर दिया गया। मजे की बात यह है कि संचालक के पद के लिए मतदान होने तक यह गम्भीर त्रुटि किसी के भी समझ मे नहीं आई । जब मतगणना की जाने लगी तब गलती पकड़ में आई कि एक उम्मीदवार का तो नाम ही मतपत्रों में गलत अंकित कर दिया गया है। इसके बाद जब उम्मीदवार और उनके समर्थकों ने हंगामा मचाना शुरू किया तो आनन फानन में रिटर्निंग अधिकारी को चुनाव स्थगित करना पड़ा।

उम्मीदवार आकाश, छप गया प्रकाश , चुनाव हरवाने का लगा आरोप

दरअसल चिचोली स्थित बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति में लम्बे अरसे बाद चुनाव सम्पन्न किये जा रहे थे। अभी तक समिति का कामकाज प्रशासन द्वारा तय किये गए प्रशासक संभाल रहे थे। चुनाव में संचालक मंडल के 8 पदों के लिए लगभग 29 उम्मीदवार मैदान में थे। इनमे से एक आकाश आर्य भी संचालक मंडल का चुनाव लड़ रहे थे। नाम मे हुई गड़बड़ी का पता तब चला जब लोगों ने अपने-अपने उम्मीदवारों को मिले वोटों की तादाद पूछना शुरू किया। तो मतगणना स्थल पर मौजूद काउंटिंग अधिकारियों ने जो जानकारियां देनी शुरू की उसमें आकाश का कहीं भी नाम ही नहीं था।

यह जरूर था कि आकाश की जगह प्रकाश को मिले वोटों की जानकारी जरूर दी जा रही थी लेकिन प्रकाश नाम का कोई उम्मीदवार अस्तित्व में ही नहीं था। जब पूरे मामले की पड़ताल की गई तो पता चला की आकाश आर्य पिता प्रमोद आर्य का नाम मतपत्र पर प्रकाश आर्य पिता प्रमोद छाप दिया गया। इस गड़बड़ी के सामने आने के बाद मतगणना स्थगित कर दी गई है। प्रत्याशी के चुनाव अभिकर्ता और वरिष्ठ भाजपा नेता सदन आर्य ने बताया कि यह गड़बड़ी जानबूझकर की गई है, ताकि उम्मीदवार आकाश को हराया जा सके।

मतदान के समय त्रुटि क्यों नही आई सामने

इस पूरे मामले का सबसे आश्चर्य जनक पहलू यह है कि मतदान करते समय यह त्रुटि सामने क्यों नहीं आ पाई। सहकारी समिति के मतदाताओं के साथ साथ चुनाव लड़ रहे आकाश आर्य के भी तो कुछ समर्थक मतदाताओं में शामिल तो होंगे ही । जब वह समर्थक मतदान करने पहुंचे होंगे तब ही इस गड़बड़ी का खुलासा हो जाना था। आखिर जब आकाश का नाम प्रकाश छाप दिया गया तो समर्थक मतदाताओं ने आकाश को छोड़कर प्रकाश के समर्थन में कैसे वोट कर दिया। जो भी है फिलहाल संचालक मण्डल का चुनाव स्थगित कर दिया गया है। और चुनाव प्राधिकारी को भी इसकी जानकारी दे दी गयी है। अब चुनाव को लेकर पंजीयक सहकारी समितियां अगले आदेश का इंतजार कर रहे हैं।

चुनाव करवाने वाले अधिकारी कटघरे में

इस पूरे मामले में सहकारी समितियों से जुड़े अधिकारियों की बड़ी लापरवाही सामने आई है । बताया जा रहा है कि, सहकारी समिति में चुनाव करवाने की लम्बे समय से तैयारियां की जा रही थी। लेकिन बावजूद इसके यह गम्भीर लापरवाही आखिर कैसे हो गयी। सहकारिता से जुड़े सूत्र बताते हैं कि इस चुनावी प्रक्रिया में शुरू से लेकर आखरी तक लापरवाही बरती गई है। क्योंकि चुनाव होने के पूर्व भोपाल से ही मुख्य चुनाव अभिकर्ता अधिकारी नियुक्त किया जाता है। इनके ही मार्गदर्शन में सबसे पहले सदस्यता सूची का प्रकाशन किया गया। यह वो सूची होती है जिसमे सदस्यों के दावे आपत्ति दर्ज कर सूची में सुधार किया जाकर सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाता है। अंतिम प्रकाशन के बाद सूची में बदलाव की कोई गुंजाइश नहीं रह जाती ।

पुलिस अभिरक्षा में बैतूल लौटा मतदान दल

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मामला उजागर होते ही मौके पर तनाव की स्थिति निर्मित हो चुकी थी। मौके पर लोगों की भीड़ लगने लगी थी लोग इसके लिए रिटर्निंग अधिकारी और चुनाव करवाने वाली टीम को जिम्मेदार बताते हुए नारे बाजी कर रहे थे। इसी बीच चुनाव स्थगित किये जाने के आदेश जारी कर दिए गए। लेकिन मौके पर समर्थकों का गुस्सा देखकर चुनाव करवाने वाली टीम को पुलिस की सुरक्षा में बैतूल तक लाया गया।

इनका कहना….

मतपत्र में नाम मे हुई गड़बड़ी गम्भीर मामला है। फिलहाल चुनाव स्थगित कर दिए गये है। चुनाव प्राधिकारी को इस संबंध में अवगत कराया गया है। आगे जो भी निर्देश मिलेंगे उसी हिसाब से कार्यवाही सम्पादित करेंगे

केके शिव, उपपंजीयक सहकारी समिति बैतूल

whatsapp

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button