Betul Ki Khabar: बाइक सहित रपटे पर बहे युवक, एक की मौत, दूसरे ने तैर कर बचाई जान
Betul Ki Khabar: Youth washed away along with bike, one died, other saved his life by swimming

एसडीआरएफ सहित तीन थानों की पुलिस कर रही तलाश
Betul Ki Khabar: बैतूल। साईंखेड़ा थाना क्षेत्र में रपटा पार करने की कोशिश में दो युवक बाइक सहित बह गए। बताया जा रहा है कि एक युवक ने तो जैसे-तैसे तैर कर अपनी जान बचा ली, लेकिन दूसरा युवक तेज बहाव में बह गया। युवक के बहने की सूचना साईंखेड़ा पुलिस को मिली पुलिस ने मौके पर तलाश शुरू कर दी युवकों की बाइक तो बरामद कर ली गई, लेकिन नदी के तेज बहाव में बह गए युवक का अभी तक की अता पता नहीं चला है। टीआई मुकेश ठाकुर ने बताया कि एसडीआरएफ की टीम सहित दो थानों की पुलिस युवक की तलाश कर रही है।
उन्होंने बताया कि कि बुधवार शाम बलेगांव निवासी 32 वर्षीय संतोष और पोहर निवासी 34 वर्षीय दिनेश बिरुल बाजार से बाइक पर सवार होकर अपने घर लौट रहे थे। मीरापुर और राय आमला के बीच बने रपटे के ऊपर से बारिश का पानी गुजर रहा था। इसके बावजूद रपटे पर से बाइक निकालने की कोशिश की गई। जैसे ही बाइक बीच रपटे पर पहुंची, तेज बहाव के चलते बाइक का संतुलन बिगड़ गया। देखेते ही देखते दोनों युवक रपटे से बहकर नाले में चले गए। इसमें से एक युवक संतोष तैरना जानता था, इसलिए उसने अपनी जान बचा ली, लेकिन दिनेश का अभी तक कुछ अता पता नहीं चल पाया है। टीआई ने बताया कि तलाशी में युवकों की बाइक 50 मीटर दूर मिली है। फिलहाल एसडीआरएफ, मासोद और साईंखेड़ा थाने की पुलिस रेस्क्यू में लगी हुई है।
टीआई बोले- शाम की घटना, ग्रामीण बोले रात 2 में हुआ हादसा
इस घटना में विरोधाभास की दो स्थितियां निर्मित हो रही हैं। टीआई मुकेश ठाकुर कहना है कि घटना बुधवार शाम को ही घटित हुई है, लेकिन ग्रामवासियों का कहना है कि दोनों युवक रात 2 बजे रपटे के पानी में बहे थे। यदि घटना शाम को होती तो ग्रामीण ही युवकों को बचाने की कोशिश कर सकते थे। ग्रामीणों के मुताबिक शाम के समय रपटे के आसपास काफी ग्रामीण मौजूद रहते हैं। हालांकि इस बीच पुलिस ने एसडीआरएफ के साथ रेस्क्यू चलाकर लापता युवक की तलाश तेज कर दी है।
सड़क दुर्घटना में युवक की मौत
बैतूल। मोहदा थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक पांडू पिता साबूलाल कास्देकर (45) निवासी कामोद थाना मोहदा पैदल जा रहे थे, तभी अज्ञात बाईक सवार ने गांव के ही पास उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में घायल होने पर पांडू को उपचार के लिए भीमपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर यहां से उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया। बुधवार की रात को उपचार के दौरान युवक की मौत हो गई। मृतक का गुरूवार सुबह पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।





