Betul News: Video: इंदिरा कालोनी में गांजे की बिक्री, पुलिस को नहीं पता
Betul News: Sale of ganja in Indira Colony, police does not know about it

वीडियो वायरल होने पर सामने आया मामला
Betul News: बैतूल। जिले की कानून व्यवस्था पहले ही चौपट हो चुकी है। इसके बाद नित नए ऐसे कारनामे सामने आ रहे हैं जो पुलिस की कार्यप्रणाली की पोल खोलने के लिए काफी है। इसका ताजा उदाहरण हाल ही में देखने को मिला है। गंज क्षेत्र में गांजा बेचते एक महिला का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हैरान करने वाली बात है कि यह वीडियो जब पुलिस के बड़े अधिकारियों के संबोधन के साथ उनके पास पहुंचा तब सम्बन्धित थाने की पुलिस को पता चला कि उनके थाना क्षेत्र में गांजे की बिक्री भी हो रही है। सवाल यह है कि पुलिस की आंखों में धूल झोंकर गांजे का कारोबार कैसे संचालित हो रहा है? जबकि क्षेत्र में बीट प्रभारी की भी नियुक्ति है। ऐसे में यदि बीट प्रभारी से वरिष्ठ अधिकारी से सवाल-जवाब करें तो बड़ा खुलासा होने से भी इंकार नहीं किया जा सकता है।
जानकारी के मुताबिक गंज थाना क्षेत्र की इंदिरा कालोनी में एक महिला पिछले लंबे समय से गांजा बेचने का काम कर रही है। जगजाहिर है कि महिला के इस ठिकाने पर गांजा खरीदने वाले रोज पहुंच रहे हैं। इन खरीदारों में कॉलेज , स्कूल के छात्र सहित गांजे के कई शौकीन शामिल हैं, इन्हें मालूम है कि यहां गांजा मिलता है। इसी बीच किसी जागरूक नागरिक ने इसका स्टिंग ऑपरेशन कर बकायदा इसका वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि चैनल गेट के अंदर से एक महिला गांजे की पुड़िया एक युवक को देते नजर आ रही है। स्टिंग करने वाले ने यह वीडियो सीधे पुलिस अधिकारियों को संबोधित करते हुए शोशल मीडिया पर डाला है। इसके बाद अधिकारियों को पता चला और गंज पुलिस हरकत में आई।
पुलिस बोली- महिला फरार, नहीं मिला गांजा
पूरे मामले को लेकर गंज थाना प्रभारी रविकांत डेहरिया से इस प्रतिनिधि से चर्चा की तो उन्होंने बताया महिला के ठिकाने पर पुलिस ने दबिश दी थी, लेकिन वह पहले ही फरार हो चुकी थी। ठिकाने की तलाशी लेने पर कहीं भी गांजे जैसी सामग्री बरामद नहीं हो पाई। फिलहाल मामले की जांच कर रहे हैं। अब सवाल यह है कि थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली इंदिरा कालोनी में जब इतने लंबे समय से गांजा बिक रहा था तो पुलिस को इसकी भनक क्यों नहीं लगी? जब सूचना मिली थी तो संबंधित बीट प्रभारी से पूछताछ क्यों नहीं की गई? बड़े अधिकारियों ने इस पर संज्ञान क्यों नहीं लिया? बीट प्रभारी पर कार्यवाही करने से परहेज क्यों किया जा रहा है?
इनका कहना…..
सूचना पर मौके पर पुलिस पहुंची थी, लेकिन महिला फरार हो गई। तलाशी में भी कुछ नहीं मिला, मामला निगरानी में है
रविकांत डेहरिया, टीआई थाना गंज





