Betul Samachar: ताप्ती जन्मोत्सव के दिन ताप्ती मंदिर में बाहर से होंगे दर्शन सरोवर के 200 मीटर की परिधि में नहीं होगा भंडारा
Betul Samachar: On the day of Tapti Janmotsav, darshan of Tapti temple will be done from outside, Bhandara will not be held within 200 meter radius of the lake.

बैठक लेकर कलेक्टर ने दिए निर्देश
Betul Samachar: बैतूल। आगामी 13 जुलाई को पवित्र नगरी में आयोजित होने वाले मां ताप्ती जन्मोत्सव के दौरान उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। बीते दिनों हाथरस में हुई घटना के चलते जन्मोत्सव पर श्रद्धालुओं की भीड़ के दौरान कोई भी विपरीत परिस्थिति निर्मित नहीं हो इसके लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के साथ अनुकूल व्यवस्था बनाने के लिए शुक्रवार को कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने मुलताई पहुंचकर ताप्ती सरोवर के तट पर स्थित श्री राम मंदिर में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की बैठक ली।
बैठक में कलेक्टर ने व्यवस्था में कोई भी लापरवाही नहीं बरतने के सख्त निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष राजा पवार,नगर पालिका अध्यक्ष वर्षा गढ़ेकर,जनपद पंचायत अध्यक्ष नान्हीबाई डहारे, सभापति पंजाबराव चिकाने, रितेश विश्वकर्मा, शिल्पा शर्मा, एसडीएम अनिता पटेल,सीएमओ आरके इवनाती, सहित अन्य अधिकारियों की उपस्थित थी। सीएमओ इवनाती ने 11 से 13 जुलाई तक मनाया जाने वाले जन्मोत्सव के कार्यक्रम की जानकारी दी ।
नपा अध्यक्ष वर्षा गढ़ेकर ने बताया कि तीन स्थानों पर पौधारोपण किया जाएगा। इस मौके पर करीब 1100 पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। बैठक में कलेक्टर ने कहा कि पौधारोपण कार्यक्रम में आमजन को भी जोड़े। उन्होंने एसडीएम को जन्मोत्सव के अवसर पर निकलने वाली शोभायात्रा के रूट का निरीक्षण करने और शोभायात्रा में पहली बार शामिल हो रही 18 फीट ऊंची हनुमान जी की प्रतिमा को दृष्टिगत रखते हशोभायात्रा के दौरान कोई दिक्कत ना हो इसलिए बिजली कंपनी के सहायक महाप्रबंधक संजय यादव को व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए।
- यह भी पढ़ें : Betul Ki Khabar: सीएमओ अवकाश पर, नपा के अधिकारी बेलगाम
कलेक्टर ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक निश्चित प्लान बनाएं। ताप्ती सरोवर के घाटों पर पूजा-अर्चना करने के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखे। कलेक्टर ने बैठक में कहा कि जन्मोत्सव के दिन मंदिर में श्रद्धालुओं को अंदर प्रवेश नहीं देना है। बाहर से ही दर्शन की व्यवस्था बनाएं। इससे मंदिर में भीड़ नहीं होगी। सरोवर में तीन नाव के साथ सुरक्षा उपकरण और तैराक मौजूद रहे। लाइटिंग की व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा जाए।
इसके अलावा सुरक्षा के लिए बनाए गए कंट्रोल रूम में पूरी टीम मौजूद रहे। कलेक्टर ने बारिश को देखते वाटरप्रुफ पंडाल लगाने के निर्देश दिए। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पंचायत सचिव, नपा कर्मी और नगर रक्षा समिति के सदस्यों को परिचय पत्र जारी करें ।परिचय पत्र में किस स्थान पर जिम्मेदारी संभालना है इसका भी उल्लेख होना चाहिए। स्नान घाटों पर पंचायत सचिवों की आठ आठ घंटे की ड्यूटी रहेगी और मेडिकल टीम भी तैनात रहेगी।





