Betul Samachar: सीएम के कार्यक्रम में लाखों की जेबकतरी: 20 दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली

Betul Samachar: Pickpocketing worth lakhs in CM's program: Police empty handed even after 20 days

जिला पंचायत उपाध्यक्ष सहित भाजपा नेता हुए थे जेबकतरों के शिकार

Betul Samachar: बैतूल। छोटे मोटे मामलों को यदि छोड़ भी दिया जाए तो कई बड़े मामले ऐसे हैं जिनका पर्दाफाश करने में भी पुलिस को पसीना आ रहा है। हद तो तब है जब प्रदेश में भाजपा की सरकार होने के बावजूद भाजपा नेताओं की शिकायत तक नजरअंदाज की जा रही है। गत 14 जून को मुलताई में सीएम डॉ मोहन यादव के कार्यक्रम और बैतूल में केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उइके के रोड शो में जिला पंचायत उपाध्यक्ष हंसराज धुवे , भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला अध्यक्ष शारिक खान सहित कई भाजपा नेताओं के जेब पर संगठित जेबकतरों की गैंग ने हाथ साफ कर दिया, लेकिन शिकायत के बावजूद पूरे 20 दिन बाद भी बैतूल पुलिस के हाथ खाली हैं। बैतूल पुलिस की इस लेटलतीफी को लेकर जेबकतरों का शिकार हुए भाजपा नेताओं में जहां आक्रोश पनप रहा है तो वहीं कानून व्यवस्था को लेकर आम जनता का विश्वास भी उठता जा रहा है। शहर में चर्चा है कि जब सत्तारूढ़ भाजपा सरकार के जनप्रतिनिधियों की शिकायतों पर कार्यवाही नहीं हो रही तो आम जनता की शिकायतों को कितनी तवज्जो दी जा रही होगी।

1 लाख 42 हजार रुपए की हुई थी जेबकतरी

दरअसल 14 जून को प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव मां ताप्ती के कार्यक्रम में शामिल होने मुलताई आए थे। हेलीपेड से ताप्ती उद्गम स्थल तक रोड शो में सुरक्षा के तमाम इंतजाम करने के साथ सैकड़ों की संख्या में पुलिस बल लगाया गया था। इसके बावजूद पुलिस की नाक के नीचे जेबकतरों ने मुलताई के ही रहने वाले भाजपा नेता नारायण जैन के जेब से 35 हजार और निखिल जैन की जेब से 38 हजार रुपए गायब कर दिए। इसी कार्यक्रम में महिला सहायक सचिव के गले से सोने की चैन तक खींच ली थी। सीएम के कार्यक्रम के ठीक बाद केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गा दास उइके का रोड शो बैतूल में गेंदा चौक सदर से शुरू हुआ था। मुलताई से निकलकर जेबकतरों का गिरोह बैतूल आ पहुंचा। यहां भी भीड़ का फायदा उठाकर रोड शो में घुस आए जेबकतरों ने करीब एक दर्जन भाजपा नेताओं जिनमे जिला पंचायत उपाध्यक्ष हंसराज धुर्वे और भाजपा अल्पसंख्क मोर्चा के जिला अध्यक्ष शारिक खान की जेब पर भी डाका डाल दिया। दोनों नेताओं की जेब से 1 लाख 42 हजार की जेबकतरी हुई। भाजपा नेता एवं जेबकतरी का शिकार हुए भाजपा अल्प संख्यक मोर्चे के जिला अध्यक्ष ने बताया कि इसकी शिकायत आईजी नर्मदापुरम संभाग सहित कोतवाली थाने में की गई, लेकिन पुलिस आज तक लाखों रुपये की जेबकतरी का सुराग लगाने में नाकाम साबित हुई है।

किन नेताओं के जेब से कितनी रकम हुई गायब

राजनीतिक कार्यक्रम के दौरान हुई इस बड़ी वारदात में भारी सुरक्षा बल के तैनात होने के बावजूद जेबकतरे पुलिस कर्मियों पर भारी पड़ गए। कुछ भाजपा नेताओं का आरोप है कि रोड शो के दौरान कुछ संदिग्धों के फ़ोटो पुलिस को दिए गए। जेबकतरों का वाहन टोल नाके में सर्च कर पुलिस को बताया गया, लेकिन अभी तक पुलिस आरोपियों तक नहीं पहुंच पाई है। बैतूल में हुए रोड शो में जिन भाजपा नेताओं के जेबें हल्की की गई उनमें जिला पंचायत उपाध्यक्ष हंसराज धुर्वे 7250 रुपए ,लोकेश साहू 8400,भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष शारिक खान 8500,मंगलमूर्ति वराठे-2200,सतीश महाते 12000, सतीश बड़ोनिया 1100,राजा सूर्यवंशी 13000, इंद्रपाल पूंडे 12350 ,रवि हिरानी 2300 और सुरेश पाल 2000 हजार रुपए शामिल हैं। हालांकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की तफ्तीश की जा रही है, लेकिन मामले का पर्दाफाश कब तक ही जाएगा, इसका जवाब पुलिस अधिकारियों के पास भी नहीं है।

इनका कहना……

प्रकरण की तफ्तीश की जा रही है,मामला जांच में है। पुलिस जल्द ही इसका खुलासा करेगी।

कमला जोशी, एएसपी बैतूल

whatsapp

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button