Video : बनी हुई सड़क पर पाईप डालने नपा ने चलाई जेसीबी
मुल्ला पेट्रोल पंप से बस स्टेण्ड सड़क पर नपा की बड़ी लापरवाही उजागर

बैतूल। नगरपालिका में डिग्रीधारी अधिकारी बैठने के बावजूद बेतरतीब काम की वजह से खूब सूर्खियां मिल रही है। मुल्ला पेट्रोल पंप से बस स्टेण्ड तक बनाई जा रही सड़क को लेकर जनप्रतिनिधियों की भी नाराजगी सामने आ चुकी है, लेकिन ठेकेदार द्वारा दोनों तरफ सड़क बनाने के बाद अब नगरपालिका बारिश का पानी निकालने के लिए मुख्य सड़क पर जेसीबी चलाकर क्षतिग्रस्त कर रही है। इससे ठेकेदार आम लोगों के निशाने पर आ सकते है। दरअसल नगरपालिका ने मुल्ला पेट्रोल पंप से थाने चौक तक सड़क बनाने के लिए टेंण्डर तो आमंत्रित किए, लेकिन इसमें नाली को शामिल नहंी किया।
जब सड़क निर्माण शुरू हुआ तो पहली ही बारिश में स्थिति देखने लायक बन गई। ठेकेदार ने तमाम गतिरोधों के बाद मुल्ला पेट्रोल पंप से बस स्टेण्ड तक सड़क तो बना दी, लेकिन स्थिति यह है कि पशु चिकित्सालय से जिला सहकारी केन्द्र बैंक के आगे तक पानी निकलने का कोई साधन नहीं है। भविष्य में तेज बारिश के बाद पानी से जल भराव की स्थिति को देखते हुए बस स्टेण्ड तक सड़क बनने के बाद मंगलवार पशु चिकित्सालय के पास नई सड़क पर जेसीबी मशीन चलवा दी। जेसीबी मशीन से खुदाई कर पानी के लिए पाईप डाले जा रहे है।
हालांकि यह काम सड़क बनने के पहले किए जाना था, लेकिन बैतूल नपा की इंजीनियरिंग ने पूरी सड़क का सत्यानाश कर डाला। हालत यह है कि नाली खोदने के लिए पहले सड़क पर चली फिर आसपास की सड़क भी क्षतिग्रस्त कर दी गई है। इससे ठेकेदार के अलावा आम लोगों में भी नगरपालिका के प्रति नाराजगी पनप रही है।
पाईप डालने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था
नगरपालिका ने बारिश में सड़क का पानी से जल भराव की स्थिति के मद्देनजर मंगलवार को पशु चिकित्सालय के पास गढ्डा खोदकर पाईप लाईन डाली गई। हालांकि जानकारों का कहना है कि तेज बारिश में यह पानी पाईप लाईन से भी नहीं निकल पाएंगा। नगरपालिका के इस काम को लेकर शहर के लोग जमकर आलोचना कर रहे है। ताज्जुब की बात यह है कि सीएमओ अवकाश पर रहने के कारण एई नीरज धुर्वे और सब इंजीनियर ब्रजेश खानूरकर को कई बार कॉल किया, लेकिन कॉल नहीं उठाया। इस बात से अंदाजा लगाया जा सकता है कि बैतूल नपा में किस तरह से काम किया जा रहा है।




