World T20: Video: आधी रात को खुशियों से सराबोर हुआ पूरा जिला
World T20: The entire district was drenched in happiness at midnight

कहीं फूटे पटाखे तो कहीं निकला भारत की विश्व विजेता बनने का जुलूस
World T20: बैतूल। बीती रात पूरे जिले के लोगों पर विश्व टी-20 विश्वकप का फाइनल मुकाबले का खुमार चढ़ा हुआ था। उतार-चढ़ाव के बीच रोमांचक मुकाबले में भारत ने दक्षित अफ्रीका को 7 रनों से पराजित कर 11 वर्ष बाद कोई विश्व कप जीता है। इस जीत का जश्न पूरे जिले ने मनाया। अयोध्या के राम मंदिर में भगवान राम की प्रतिमा स्थापना के बाद ऐसा दूसरा मौका आया, जब जिले के लोगों ने आसमान पटाखों से गूंजायमान कर दिया। घरों से निकलकर सड़क पर देर रात तक जश्न का माहौल था।
टी-20 मुकाबले की जब शुरुआत हुई थी, तब से क्रिकेट प्रेमी भारत की टीम को विजेता मान रहे थे। टीम इंडिया ने भी लोगों के अपार समर्थन के बाद पूरे टूर्नामेंट में जबरदस्त प्रदर्शन किया। यही वजह है कि इस बार अमेरिका और वेस्टइंडीज की संयुक्त मेजबानी में हो रहे मुकाबले को टीवी पर देखने वालों की संख्या में जबरदस्त इजाफा हुआ है। जिले में भारत के हर मुकाबले को हजारों की संख्या में देखना इस बात का संकेत है कि क्रिकेट के प्रति उनकी दीवानगी कितनी अधिक हो गई है। सेमीफाइनल मुकाबले में भी लोगों ने इंग्लैंड के साथ हुए मुकाबले को अपने मोबाइल पर देखा, लेकिन फाइनल मुकाबला देखने के लिए लोग टीवी स्क्रीन पर शनिवार टकटकी लगाएं देख रहे थे।
रोमांच के उतार-चढ़ाव ने बढ़ाई बेसब्री
शनिवार को फाइनल मुकाबले में रात 8 बजे के बाद सड़कें सूनी हो गई थी। चूंकि टीम इंडिया पहले बल्लेबाजी कर रही थी, इसलिए सभी की नजर टीवी पर लगी हुई थी। टीम इंडिया ने शुरुआत में तीन विकेट खोने से क्रिकेट प्रेमी हताश हो गए, लेकिन बाद में विराट कोहली और अक्षर पटेल की बल्लेबाजी का जमकर लुत्फ उठाया। सम्मान जनक स्कोर बनने के बाद सभी टीम इंडिया को विजेता मान रहे थे, लेकिन साउथ अफ्रीका ने शुरआती विकेट गिरने के बाद ऐसी वापसी कर की महज 4 ओवर में 26 रन की आवश्यकता होने पर जिले के कई क्रिकेट प्रेमियों ने टीम इंडिया की हार देखते टीवी बंद कर दी, लेकिन अंतिम चार ओवर में अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पड्या की जबरदस्त गेंदबाजी की भारत ने वापसी कर दक्षिण अफ्रीका को 7 रनों से हराकर जिलेवासियों को जीत का जश्न मनाने का मौका दे दिया।
कोठी बाजार में दिखा धूम धड़ाका, जीत के बाद मनाया जमकर जश्न
टी-20 विश्व कप के फाइनल मैच को लेकर कोठीबाजार में केंद्रीय राज्य मंत्री एवं सांसद दुर्गादास उइके, विधायक हेमन्त खंडेलवाल और भाजपा जिला अध्यक्ष बबला शुक्ला द्वारा खेलप्रेमियों के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी। न्यू बैतूल स्कूल मैदान पर मैच देखने के लिए फूल स्क्रीन की व्यवस्था की गई थी। खेलप्रेमियों के बैठने के लिए लगभग 300 कुर्सियों का इंतजाम किया गया था। रात 8 बजने के पहले ही ग्राउंड पर स्क्रीन के सामने सैकड़ों खेल प्रेमी अपनी कुर्सियां संभाल चुके थे। भारतीय खिलाड़ियों के हर चौके, छक्के पर जहां भारी शोर मच रहा था तो आतिशबाजी भी की जा रही थी। जैसे-जैसे खेल आगे बढ़ रहा था, युवाओं का रोमांच भी सिर चढ़कर बोल रहा था। इस रोमांच का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है की बारिश शुरू होने पर खेल प्रेमी जिस कुर्सी पर बैठे थे वही कुर्सी अपने सिर पर रख ली, लेकिन कोई भी अपनी जगह से हिलने को तैयार नहीं था।
बाजी पलटते ही निकला जुलूस, खूब मनाया जश्न
16 वां ओवर खत्म होने के बाद जैसे ही मैच का रुख भारत के पक्ष में मुड़ता नजर आया खेल प्रेमी भी पूरे शबाब में नजर आने लगे और क्रिकेट का जुलून युवाओं के सिर चढ़कर बोलने लगा। इंडिया की जीत का परचम लहराते ही भारी आतिशबाजी का दौर शुरू हो गया। बड़ी संख्या में लोग भी अपने घरों से निकलकर जश्न मनाने सड़कों पर आ गए। व्यवस्था संभाल रहे भाजपा नेता विक्रम वैध, वरुण धोटे, पवन शर्मा, पूर्व पार्षद कैलाश धोटे, चीनू पारिख द्वारा भारत के विश्व विजेता बनने की खुशी में न्यू बैतूल स्कूल मैदान से गाजे-बाजे के साथ जुलुस निकाला गया। रास्ते भर नाचते गाते आतिशबाजी करते जुलूस लल्ली चौक पहुंचा, जहां मिठाइयां बांटकर एक दूसरे को जीत की बधाई देने के बाद जश्न का समापन किया गया।





