Betul Nagar Palika: नपा की वित्तीय स्थिति बिगड़ी तो लगेंगे वार्डों मेंं शिविर
Betul Nagar Palika: If the financial condition of the Municipal Corporation worsens, camps will be organized in the wards.

ऑफ सीजन में शिविर लगाकर स्थिति सुधारने की कवायद
Betul Nagar Palika: बैतूल। पूर्व में आमदनी चवन्नी,खर्च रुपैया की कहावत चरितार्थ कर अब नगरपालिका बड़ी मुसीबत में फसती दिखाई दे रही है। दरअसल नगरपालिका की वित्तीय स्थिति इतनी खराब हो गई है कि ऑफ सीजन में वार्डों में शिविर लगाने की नौबत आ गई है। 1 जुलाई से नगरपालिका विभिन्न करों की वसूली के लिए शहर के 33 वार्डों में अलग-अलग शिविर लगाकर खजाना भरने की तैयारी कर रही है। आर्थिक स्थिति सुधार के लिए जनप्रतिनिधियों से मुलाकात की जा सकती है।
नगरपालिका के 33 वार्डों में विभिन्न कार्यों के लिए भूमिपूजन करने के बाद नगरपालिका का खजाना खाली होते जा रहा है। कई वार्डों में निर्माण कार्य पूरे हो गए हैं, लेकिन ठेकेदारों को तक भुगतान नहीं किया जा रहा है। ठेकेदरा भी नपा के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उन्हें भी नपा की आर्थिक स्थिति कमजोर होने का हवाला दिया जा रहा है। इतना ही नहीं आधा दर्जन से अधिक शाखाओं के लिए लाखों रुपए की सामग्री के बिल भी नपा में धूल खा रहे हैं, लेकिन संबंधितों को भुगतान महीनों से नहीं होने की शिकायत आम हो गई है। लेखा शाखा में बिलों के भुगतान के लिए ठेेकेदार से लेकर अन्य लोग चक्कर काट रहे हैं। इससे अधिकारी और कर्मचारी भी परेशान हो गए। इस समस्या से सीएमओ को भी अवगत कराया चुका है।
स्थिति बिगड़ी तो यह लिया निर्णय
बताया जाता है कि नपा को हर माह 1 करोड़ 25 लाख का वेतन अपने कर्मचारियों को देना पड़ता है। राज्य शासन द्वारा बीते कई वर्षों से 1 करोड़ 30 लाख की राजस्व वसूली कम कर दी गई। कुछ माह में यह वसूली 1 करोड़ 5 लाख रुपए दी जा रही है। इसमें भी नपा 20 लाख रुपए अपनी मद से मिलाकर कर्मचारियों को वेतन देती है। वित्तीय स्थिति की बात की जाए तो नपा के पास इस माह विभिन्न मदों के करीब 10 से 11 करोड़ रुपए चुकाना है। स्थिति बिगड़ने के बाद नपा ने 1 जुलाई से एक पखवाड़े तक शहर के सभी वार्डों में आफ सीजन में भी शिविर लगाने का निर्णय है। सीएमओ के निर्देश पर राजस्व विभाग चार्ट बनाकर लोगों से शिविर के दौरान भुगतान की अपील करेगा।
निर्माण कार्य पर फिलहाल ब्रेक
सूत्रों ने बताया कि निर्माण कार्यों पर भी नपा फिलहाल ब्रेक लगा रही है। चूंकि पूर्व में पीआईसी की आहूत बैठक के कई कार्य अभी पूरे नहीं हुए हैं। यदि पीआईसी और नपा का सम्मेलन आहूत किया गया तो करोड़ों के निर्माण कार्य पर सहमति बनने पर वित्तीय स्थिति और खराब हो सकती है। सूत्र बताते हैं कि इसी वजह निर्माण कार्यों पर फिलहाल ब्रेक लगाकर आर्थिक स्थिति सुधार पर जोर दिया जा रहा है। स्थिति ठीक होने पर वार्डों में नए काम शुरू किए जा सकते हैं।
इनका कहना…
कुछ दिनों से नपा की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। इसी वजह वार्डों में शिविर लगाकर लोगों से विभिन्न मदों के करों का भुगतान जमा करवाया जाएगा। अभी निर्माण कार्यों को भी ज्यादा महत्व नहीं देंगे।
ओमपाल सिंह भदोरिया सीएमओ नपा बैतूल।





