Betul News: झूठे शपथ पत्र के खेल में सचिव संघ अध्यक्ष की साजिश उजागर!
Betul News: Secretary Union President's conspiracy exposed in the game of false affidavit!

भोले-भाले जनप्रतिनिधियों की छवि खराब करने का कुत्सित प्रयास, बढ़ रही नाराजगी
Betul News: भीमपुर। भीमपुर ब्लॉक में पंचायत राजनीति एक बार फिर गरमा गई है। आरोपों के केंद्र में हैं सचिव संघ अध्यक्ष रोशन यादव, जिन पर सरपंचों के खिलाफ सुनियोजित साजि़श रचने के गंभीर आरोप लगे हैं। बताया जा रहा है कि उन्होंने भोले-भाले सरपंचों को झूठे शपथ पत्र में फंसा कर उनकी प्रतिष्ठा धूमिल करने की चाल चली, ताकि अपने निजी एजेंडे को आगे बढ़ाया जा सके। हाल ही में एक वाट्सएप ग्रुप के चैट ने पूरे मामले को और भी स्पष्ट कर दिया है।
इसमें साफ दिखता है कि रोशन यादव ने आगामी ज्ञापन और विरोध कार्यक्रमों में सभी सरपंचों का नाम और हस्ताक्षर जोड़ने की रणनीति बनाई, चाहे वे इस मुद्दे से सहमत हों या नहीं। हालांकि इस विषय पर सरपंच संघ ने फिलहाल मौन धारण किया है,वहीं कुछ पूर्व सरपंचों का कहना है कि यह तरीका न केवल जनप्रतिनिधियों की गरिमा के साथ खिलवाड़ है, बल्कि यह पंचायत व्यवस्था की नींव को हिलाने वाली हरकत है। इस विषय पर जब पूर्व सरपंचों ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा हर बार हमें ही मोहरा क्यों बनाया जाता है? सचिव संघ अपनी निजी लड़ाई में हमारे सरपंचों को घसीटना बंद करें।
ग्रामीण राजनीति के जानकार मानते हैं कि यदि यह आरोप सही साबित होते हैं, तो यह न केवल व्यक्तिगत बदनामी का मामला है बल्कि जनप्रतिनिधियों के विश्वासघात और लोकतांत्रिक मर्यादा के उल्लंघन का गंभीर उदाहरण होगा। अब पूरा मामला जनपद पंचायत की चौखट पर पहुंच चुका है।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी से तत्काल जांच और कार्रवाई की मांग उठ रही है। इस मामले को लेकर पूरे भीमपुर क्षेत्र में मामला गरमाया हुआ है। कहा जा रहा है कि राजनीति हस्तक्षेप के बाद इसके परिणाम देखने को मिलेंगे। इस संबंध में सचिव संघ के अध्यक्ष रोशन यादव से उनका पक्ष जानने के लिए काल किया, लेकिन नेटवर्क में नहीं होने के कारण चर्चा नहीं हो सकी।
इनका कहना….
सचिव संघ अध्यक्ष से 181 के विषय में बात हुई थी। कुछ समय से छिंदवाड़ा के लोग बड़ी संख्या में 181 लगा रहे है। शपथ पत्र को लेकर हमारी कोई चर्चा नहीं हुई और हमारा संगठन फर्जी शपथ पत्र के खिलाफ है। स्थानीय पत्रकारों से हमारे संगठन को कोई परेशानी नहीं है।
दीपू ककोड़िया, सरपंच संघ अध्यक्ष भीमपुर ब्लॉक




