Betul Samachar: 30 मीटर की छत नहीं डाल पाया ठेकेदार, 25 दिन से बंद पड़ा ड्रेनेज निर्माण कार्य

भुगतान अटकने से पेटी कांट्रेक्टर ने खड़े किए हाथ, रहवासी जोखिम में डालकर आवागमन करने को मजबूर
Betul Samachar: बैतूल। शहर में विकास कार्यों को लेकर बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही नजर आ रही है। बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल के प्रयासों से शहर में विभिन्न निर्माण कार्यों की शुरुआत तो हुई, लेकिन अधिकारियों की अनदेखी और ठेकेदारों की धीमी कार्यप्रणाली के चलते आम जनता परेशान हो रही है। सबसे ज्यादा नाराजगी कोठीबाजार क्षेत्र में अधूरे पड़े ड्रेनेज निर्माण को लेकर देखी जा रही है, जहां करीब 25 दिनों से काम पूरी तरह बंद पड़ा हुआ है।
8 माह में 400 मीटर ड्रेनेज भी पूरा नहीं
कोठीबाजार क्षेत्र में लगभग 400 मीटर ड्रेनेज निर्माण का कार्य सिंगरौली के एक ठेकेदार को दिया गया था। हैरानी की बात यह है कि करीब 8 माह बीत जाने के बाद भी निर्माण कार्य अधूरा पड़ा हुआ है। वर्तमान स्थिति यह है कि करीब 30 मीटर हिस्से में ड्रेनेज की छत तक नहीं डाली जा सकी है, जिससे स्थानीय नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
भुगतान नहीं मिलने से रुका काम
बताया जा रहा है कि जिस पेटी कांट्रेक्टर के माध्यम से निर्माण कार्य कराया जा रहा था, उसे पूर्व में किए गए कार्यों का भुगतान नहीं मिला है। भुगतान के लिए वह लगातार चक्कर लगा रहा है, लेकिन समाधान नहीं होने पर उसने काम बंद कर दिया। इसके चलते निर्माण कार्य पूरी तरह ठप हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि करीब 15 दिन पहले नगर पालिका द्वारा ठेकेदार के खाते में राशि जारी कर दी गई थी, इसके बावजूद ना तो पेटी कांट्रेक्टर को भुगतान किया गया और ना ही मटेरियल सप्लायरों की उधारी चुकाई गई।
जान जोखिम में डालकर गुजर रहे लोग
ड्रेनेज निर्माण अधूरा होने के कारण क्षेत्र के रहवासी और व्यापारी काफी परेशान हैं। करीब 30 मीटर हिस्से में सड़क और रास्ता बाधित होने से लोग अपनी सुविधा अनुसार जोखिम उठाकर दुकानों और घरों तक पहुंच रहे हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि जल्द निर्माण कार्य पूरा नहीं हुआ तो किसी बड़े हादसे से इंकार नहीं किया जा सकता।
5 करोड़ के काम पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों के बीच अब इस बात को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं कि जो ठेकेदार 8 माह में 400 मीटर ड्रेनेज निर्माण पूरा नहीं कर पाया, वह शहर में करोड़ों के अन्य निर्माण कार्य तय समय में कैसे पूरा करेगा। बताया जा रहा है कि इसी ठेकेदार को कोतवाली से लल्ली चौक तक ड्रेनेज निर्माण के लिए करीब 53 लाख रुपये का टेंडर भी दिया गया है। वहीं नगर पालिका के अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि निर्माण कार्य की धीमी गति के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी कार्रवाई करने के बजाय मूकदर्शक बने हुए हैं।
इनका कहना….
मामला संज्ञान में आया है, अधिकारियों से जानकारी लेंगे यदि ऐसा है तो जांच करवाकर कार्यवाही करेंगे।
नवनीत पांडेय, सीएमओ नपा बैतूल




