Betul Samachar : ताप्ती इंटकवेल में फिर समस्या, शहर के कई वार्डों में पानी सप्लाई बाधित
Betul Samachar: Problem again in Tapti Intakewell, water supply disrupted in many wards of the city

गर्मी के मौसम में पांचवीं बार गहराया जल संकट, नपा व्यवस्था बनाने में जुटी
Betul Samachar : बैतूल। जिले में प्री-मानसून का भले ही आगाज हो गया है, लेकिन तेज बारिश का अभी तक ठिकाना नहीं है और इधर शहर की जनता को एक मर्तबा फिर शुक्रवार को परेशान होना पड़ गया। दरअसल ताप्ती स्थित बैराज के इंटकवेल में समस्या आने के कारण इस सीजन में शहर के लोगों को पांचवीं मर्तबा पानी के लिए परेशान होना पड़ा। शुक्रवार तिलक वार्ड, आजाद वार्ड, गांधी वार्ड सहित आधा दर्जन वार्डों में पानी की सप्लाई नहीं होने से लोगों को पानी के लिए परेशान होना पड़ा है। नपा अधिकारियों के मुताबिक ताप्ती बैराज में कुछ फॉल्ट होने की जानकारी दी गई है। सुधार कार्य भी किया जा रहा है। नपा ने दावा किया गया है कि शुक्रवार जिन वार्डों में पानी की सप्लाई नहीं हो पाई है। शनिवार सुबह उन वार्डों में सप्लाई दे दी जाएगी।
इंटकवेल में आई खराबी, नहीं भराई टंकियां
शुक्रवार सुबह कोठी बाजार क्षेत्र के लगभग आधा दर्जन वार्डों में रहने वाले लोग नलों के आने का रास्ता देख रहे थे, लेकिन दोपहर 12 बजे तक पानी की सप्लाई शुरू नहीं हो सकी थी। रोजमर्रा के काम निपटाने के लिए लोगों ने हेण्डपम्प और निजी ट्यूबवेल मालिकों से जरूरत के हिसाब से पानी लेकर जैसे तैसे अपना काम तो चला लिया लेकिन लोगों को यह जानकारी नहीं मिल पाई की आखिर सप्लाई कब तक शुरू हो पाएगी।
नपा के जल शाखा प्रभारी ब्रजेश खानुरकर के मुताबिक ताप्ती बैराज पर बने इंटकवेल में फाल्ट आ जाने की वजह से सप्लाई बाधित हुई है। इसके बाद टंकियों को भरा नहीं जा सका था। इस वजह से कोठीबाजार क्षेत्र में शुक्रवार सप्लाई नहीं दी जा सकी है। इंटकवेल का सुधार कार्य कर लिया गया है। बैराज से पानी की सप्लाई चल रही है, लेकिन टंकियों के भरने में काफी वक्त लगेगा। कल सुबह कोठीबाजार के वार्डों में सप्लाई दे दी जाएगी।





