Betul Water Supply – दो दिन में भी नहीं सुधरी पाईप लाईन, बूंद-बूंद पानी को तरसे लोग
मरम्मत कार्य में हाईटेंशन लाईन के करंट से बाधा, शाम तक पूरा होगा काम

Betul Water Supply – बैतूल। सड़क निर्माण कंपनी बंसल प्रायवेट लिमिटेड द्वारा हाईटेशन लाईन डालने के लिए खुदाई के दौरान मंगलवार को शहर के लोगों को पानी सप्लाई वाली लाईन क्षतिग्रस्त हो गई। धनोरा के पास पाईप लाईन क्षतिग्रस्त होने के बाद हजारों लीटर पानी खेतों में बह निकला। बुधवार सुबह से नगरपालिका युद्ध स्तर पर मरम्मत का काम कर रही है, लेकिन गुरूवार दोपहर तक हालात यह है कि हाईटेशन लाईन में करंट आने से काम प्रभावित हो रहा है। देर शाम तक पाईप लाईन दुरूस्त होने के बाद पेयजल सप्लाई सुचारू हो सकती है। बुधवार के बाद गुरूवार को भी शहर के लोग पानी को तरस गए।
गुरूवार कई वार्डो में नगरपालिका ने टैंकरों से पानी पहुंचाया तो कुछ जगह निजी ट्यूबवेलों से पानी दिया जा रहा है। नगरपालिका के जल शाखा प्रभारी ब्रजेश खानूरकर ने बताया कि बैतूल-इंदौर फोरलेन पर दनोरा के पास पाईप लाईन सुधारने के लिए एक ओर से फोरलेन पर आवाजाही बंद कर दी गई। इसके बाद काम में तेजी आई, लेकिन बंसल कंपनी द्वारा अंडरलाईन हाईटेंशन लाईन से करंट आ गया। अब हाईटेशन लाईन को बंद कराया जा रहा है। इसके बाद करीब 5 से 6 घंटे में पाईप लाईन की मरम्मत होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि देर रात पानी की टंकिया भरना शुरू होगी तो शुक्रवार तक नलों में पानी आ सकता है।
विकल्प नहीं होने से फिर सहारा बने टैंकर
नगरपालिका के पास वर्तमान में ताप्ती बैराज के अलावा पानी का कोई स्त्रोत मौजूद नहीं है। इसी वजह पाईप लाईन क्षतिग्रस्त होने के बाद पिछले दो दिनों से टैैंकरों से कई वार्डो में लोगों को पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। कई लोगों को पानी नहीं मिलने की शिकायतें नगरपालिका को मिल रही है। इसके आधार पर टैंकर भेजे जा रहे है। सीएमओ ओमपाल सिंह भदौरिया ने लोगों से व्यवस्था सुचारू होने तक निजी ट्यूबवेलों से अन्य लोगों को पानी उपलब्ध कराने का आग्रह किया है।
इनका कहना..
दनोरा के पास पाईप लाईन सुधारने का काम तेजी से चल रहा है। दोपहर में बंसल कंपनी की हाईटेंशन लाईन से करंट आने से काम धीमा चला। शाम तक काम पूरा होने की संभावना है।
ब्रजेश खानूरकर, जल शाख प्रभारी, नपा, बैतूल




