BETUL RET MAFIA – अवैध रेत माफियाओं पर सबसे बड़ी कार्रवाई, रिकार्ड 137 करोड़ का जुर्माना

करोड़ों की जेसीबी और पोकलेन राजसात होगी, कलेक्टर की कार्रवाई ने रेत माफियाओं की कमर तोड़ी

BETUL RET MAFIA – बैतूल। अब तक प्रशासनिक लचरता के चलते जिले में फल फूल चुके रेत माफियाओं ने सपने में भी नहीं सोचा होगा कि फर्ज के प्रति कोई ईमानदार कलेक्टर से उनका पाला पड़ेगा और उनकी सल्तनत भी नेस्तनाबूद हो जाएगी। कहते हैं ना देर तो है, अंधेर नहीं।

कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी और एसपी निश्चल एन झारिया ने मिलकर रेत माफियाओं की ऐसे कमर तोड़ी कि छोटे रेत माफिया अब बिल में दुबक कर रह जाएंगे। रेत माफिया अरशद कुरैशी , रिंकू राठौर, दीपेश पटेल, मोहम्मद इलियास, रविन्द्र चौहान, और महेंद्र धाकड़ पर अवैध रेत खनन और परिवहन के मामले में सभी पर 1 अरब 37 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया है। यही नहीं मौके से पकड़ी गई लगभग 1 करोड़ 25 लाख रुपये कीमत की इनकी पोकलेन और जेसीबी मशीनें भी राजसात की जा रही है।

इसके बाद रेत माफियाओं को अब सपने में भी कलेक्टर, एसपी और कार्यवाही करने वाला अमला नजर आ रहा है। गौरतलब है कि रेत माफियाओं के खिलाफ कार्यवाही के लिए सीएम डॉ मोहन यादव के निर्देश मिलते ही दोनो अधिकारियों समेत उपसंचालक खनिज मनीष पालेवार एवं निरीक्षक, पुलिस और राजस्व का स्टॉफ की कार्रवाई के बाद माफिया जेल की सलाखों के पीछे दिखाई दे रहे हैं।

अधिकारियों ने रात भर खंगाली थी खनन क्षेत्रों की खाक

कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी, एसपी निश्चल एन झारिया की टीम ने 14-15 मई की दरमियानी रात शाहपुर इलाके में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया था, इस दौरान हर संवेदनशील क्षेत्रों खाक छानी गई थी, जहां तीन अलग- अलग जगह ऐसे मिले थे, यहां माफियाओं ने खनन के साथ बड़े पैमाने पर रेत का संग्रहन भी कर रखा था, जिसे देख अधिकारियों की भी आंखे फटी की फटी रह गई। इस दौरान करीब 29 खाली डम्पर तो जब्त किए गए थे, लेकिन माफिया भूमिगत होने में कामयाब तो हो गए। माफियाओं को इस बात का अहसास नहीं था कि कार्यवाही के रूप में उनकी पूरी सल्तनत इस तरह नेस्तनाबूद कर दी जाएगी। अब तक 6 आरोपियों के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज कर उन्हें जेल पहुंचाया जा चुका है, इसके बाद अन्य छोटे मोटे माफिया भी रेत के कारोबार में हाथ डालने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं।

अलग-अलग मामलों पर करोड़ों का जुर्माना अधिरोपित

कार्यवाही के बाद उप संचालक खनिज मनीष पालेवार द्वारा प्रकरण कायम कर कार्यवाही के लिए प्रकरण अपर कलेक्टर को सौंप दिया गया था। इसके बाद 6 रेत माफियाओं के खिलाफ जुर्माने की कार्यवाही की गई है। अरशद कुरैशी और रिंकू राठौर द्वारा गुरगुन्दा खदान से 70808 घनमीटर रेत का उत्खनन पाया गया । इनके खिलाफ 53 करोड़ 10 लाख 60 हजार का जुर्माना लगाने के साथ साथ 60 लाख रुपए की पोकलेन मशीन राजसात की गई है। दूसरे मामले में इन्ही दोनो आरोपियों पर डेंडूपुरा में 1 लाख 10 हजार 610 घनमीटर रेत खनन किए जाने पर 82 करोड़ 95 लाख 75 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया और 25 लाख रुपए मूल्य की जेसीबी मशीन राजसात की गई है।

इसी तरह तीसरे मामले में भी इन्हीं दोनों रेत माफियाओं पर देंदुपुरा में ही लगभग 700 घनमीटर रेत का उत्खनन करना पाया गया। इस मामले में भी 52 लाख 50 हजार का जुर्माना ठोंका गया है। चौथे मामले में रेत माफिया मोहम्मद इलियास, दीपेश पटेल, रविन्द्र चौहान और महेंद्र धाकड़ प्रशासन की रडार पर आ गए। धसाई माल क्षेत्र में खनिज विभाग द्वारा 252 घनमीटर रेत का अवैध खनन पकड़ में आया था। जिसके लिए चारो माफियाओं पर 18 लाख 90 हजार का जुर्माना लगाने के साथ ही करीब 40 लाख रुपए कीमत की पोकलेन मशीन राजसात की गई है।

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button