Sanjhveer News : सांझवीर की खबर पर अचानक बस स्टैंड पहुंचे कलेक्टर, नाली पर बना था होटल का किचन तो परिसर में मिला शराब की खाली बोतलों का जखीरा
नपा के राजस्व अमले को सख्त फटकार

Sanjhveer News : बैतूल। मतगणना होते ही दूसरे दिन कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी फुल एक्शन मोड में नजर आए। ज्ञात हो कि सांझवीर टाईम्स ने बस स्टैंड पर किए गए अतिक्रमण और बस एजेंटों की मनमानी को लेकर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया था। इसी का नतीजा है कि कलेक्टर का सबसे पहला निशाना कोठी बाजार बस स्टैंड ही बना, जहां बस एजेंटों और दुकान संचालकों के अवैध कब्जों की बाढ़ आ चुकी थी। कलेक्टर ने जब परिसर का निरीक्षण करना शुरू किया तो बसस्टैंड पर बरती जा रही मनमानी की तस्वीर खुल कर सामने आ गई। इस दौरान नपा के उन अधिकारियों की अनदेखी भी सामने आ गईजो अब तक आंखे बंद कर बैठे थे। बताया जा रहा है कि कलेक्टर की इस कार्यवाही के बाद पूरे बस स्टैंड पर हडक़म्प मचा हुआ है।

होटल संचालक ने नाली के ऊपर ही बना रखा था किचन
जानकारी के मुताबिक कलेक्टर ने सबसे पहले बस स्टैंड पर बने हुए कॉम्लेक्स का निरीक्षण किया। यहां आदर्श भोजनालय के संचालक ने नाली के ऊपर ही अतिक्रमण कर होटल का किचन बना रखा था। कॉम्लेक्स के अंदर गन्दगी का भंडार लगा हुआ था और इसी गन्दगी के बीच ग्राहकों को बैठाकर भोजन कराया जा रहा था, बल्कि खाना भी गन्दगी के बीच ही बनाया जा रहा था। कलेक्टर ने दुकान संचालक को पहले तो जमकर खरी खोटी सुनाई और बाद में अधिकारियों को अतिक्रमण तोडऩे के निर्देश दिए। कलेक्टर के निर्देश पर तत्काल बुलडोजर भी मंगवाकर अतिक्रमण हटाने शुरू किए गए।
काम्प्लेक्स में यूरिन करते पकड़ाया तो लगाया 500 का जुर्माना
कॉम्लेक्स की दुकानदारों ने किस कदर दुर्गति मचा कर रखी थी, इसकी तस्वीर भी खुद कलेक्टर ने अपनी आंखों से देखा। कॉम्लेक्स के भीतर ही यूरिनल भी बना कर। रखा गया था। निरीक्षण के दौरान ही कलेक्टर ने एक व्यक्ति को यूरिन करते पकड़ लिया और उस पर तुरन्त 500 रुपये का जुर्माना ठोंक दिया। यहां कांपलेक्स के भीतर चारों तरफ तीखी दुर्गंध फैलने से लोगों का खड़े रहना तक मुश्किल हो रहा था।

शराब की खाली बोतलों का मिला जखीरा
काम्प्लेक्स में संचालित होटलों में रोजाना किस कदर शराब खोरी कराई जा रही है इसकी पोल भी कलेक्टर के निरीक्षण के दौरान खुल गयी। कॉम्लेक्स के बरामदे में सैकड़ों की संख्या में शराब और बियर की खाली बोतलें मिलने के बाद कलेक्टर के तेवर और भी ज्यादा तेज हो गए। होटलों से बड़ी संख्या में घरेलू सिलेंडर जब्त कर लिए गए। आगे बढ़े तो एक दुकान में पुलिस चौकी भी संचालित होती पाई गई। जिन दुकानों में गन्दगी पाई गई उन दुकानों पर कलेक्टर ने स्पॉट फाइन किया है। कांप्लेक्स के बरामदे में जिन होटल संचालकों ने कब्जा कर रखा था, उन्हें जेसीबी की सहायता से तुरंत हटाया गया। खबर लिखे जाने तक कलेक्टर की कार्यवाही चल रही थी।




