Betul Today News: हाई प्रोफाइल मुखबिरी के बाद पकड़ाई 107 पेटी अवैध शराब
Betul Today News: 107 boxes of illegal liquor caught after high profile informant

आखिर कौन है शराब माफिया दिलीप , पुलिस जांच में आएगा सामने
Betul Today News: बैतूल। अवैध शराब बिक्री को लेकर कुख्यात होते जा रहे बैतूल जिले में पुलिस ने ट्रक से तस्करी कर लाई गई अंग्रेजी शराब की 107 पेटी जब्त कर शराब के अवैध कारोबार पर मोहर लगा दी है, लेकिन अभी तक यह सुराग नहीं लग पाया है कि आखिर यह शराब किसकी थी और कौन लेकर आया था। दूसरी तरफ भैसदेही क्षेत्र में इस बात की चर्चा भी गर्म है कि भैसदेही पुलिस द्वारा पकड़ी गई शराब के पीछे हाई प्रोफाइल मुखबिरी की गई थी।
सांझवीर की पड़ताल में यह सामने आया है कि शराब किसी और कि नहीं बल्कि इलाके के ही रहने वाले एक बड़े शराब माफिया दिलीप द्वारा लाई गई थी। कहा जा रहा है कि पुलिस को भी इसका सुराग तो लग चुका है, लेकिन कार्यवाही अभी पेंडिंग पड़ी हुई है। चर्चा में भैंसदेही टीआई अंजना धुर्वे ने भी शक जाहिर तो किया है। यह भी कहा कि जांच के बाद ही यह तय हो पाएगा की शराब आखिर कौन लेकर आया था।
दिलीप के ही नाम से रजिस्टर्ड है पकड़ा गया वाहन
रविवार रात पुलिस ने बाकायदा जाल बिछाकर इस ट्रक को पकड़ा था। ट्रक के पिछले हिस्से में खाली कैरेट भरे हुए थे और शराब की पेटियां ढांक दी गयी थी। जानकारी मिली है कि शराब माफिया दिलीप रायसेन से भंैसदेही तक बिना किसी डर के शराब लेकर पहुंच गया था, लेकिन यहां ट्रक पुलिस के हत्थे चढ़ गया। उक्त अशोक लीलैंड वाहन दिलीप झाड़े पिता दयाराम झाड़े के नाम से ही परिवहन विभाग में रजिस्टर्ड है। श्रीराम फाइनेंस कंपनी से फाइनेंस इस ट्रक को 10 अगस्त को ही दिलीप ने किसी ओमप्रकाश महाले से 6 लाख 35 हजार रुपए में खरीदा था।
जिस पर 5 लाख 20 हजार रुपए फाइनेंस के बकाया भी थे। पुलिस ने ट्रक में से सम्पूर्ण दस्तावेज जब्त तो कर लिए, लेकिन अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। संभवत: यह माना जा रहा है कि जिस दिलीप झाड़े का यह वाहन है उसी के द्वारा शराब का यह जखीरा तस्करी कर लाया गया था। धारा 34/2 लगने के बावजूद अभी तक कार्यवाही ना होना सवाल खड़े कर रहा है, जबकि इस धारा में जमानत भी बमुश्किल मिल पाती है।
इनका कहना है….
दिलीप का नाम सामने तो आ रहा है, लेकिन शासकीय कार्य से भोपाल आना पड़ा। लौट कर जांच की जाएगी और आरोपियों को गिरफ्तार भी किया जाएगा।
अंजना धुर्वे, थाना प्रभारी भैंसदेही





