Prashasnik Kona: प्रशासनिक कोना: पवित्र नगरी की कुर्सी पर छोटे थानेदारों के बड़े अरमान क्यों?? कौनसे साहब को किसानों से ज्यादा अपनी व्यस्तता की ज्यादा चिंता??? कौनसी तिकड़ी के शिकंजे में अस्पताल, मरीजों की सुविधा का कौन बनेगा रखवाला???? विस्तार से पढ़िए हमारे चर्चित कॉलम प्रशासनिक कोना में……

पवित्र नगरी की कुर्सी पर नजर, छोटे थानेदारों के बड़े अरमान!

जिले की पुलिसिया सियासत में इन दिनों मां ताप्ती की नगरी खूब चर्चा में है। छोटे थानों में बैठे साहबों को अब बड़े थाने की हसरत सताने लगी है। यहां की कुर्सी ऐसी मनोकामना बन गई है कि आठनेर, आमला, बोरदेही और शाहपुर से लेकर भोपाल-नागपुर तक सियासी गणित बैठाया जा रहा है। चर्चा सबसे ज्यादा आठनेर वाले साहब की है।

कहते हैं, कुर्सी पाने की चाह में जनसेवा के साथ सोशल मीडिया पर ताप्ती मैया की भक्ति भी खूब दिखाई जा रही है। मीडिया मैनेजमेंट से लेकर ऊपर तक संपर्क साधने की कवायद के चर्चे भी गलियारों में हैं। आमला वाले साहब भी बड़े थाने का अनुभव भुनाने की तैयारी में हैं, तो बोरदेही और शाहपुर के दावेदार भी अपनी-अपनी गोटियां बिछाने में जुटे हैं।

अब सवाल यह है कि मां ताप्ती किसकी मनोकामना पूरी करेंगी? क्योंकि मुलताई की कुर्सी एक है, दावेदार अनेक। बाकी जिनकी मुराद पूरी नहीं होगी, वे अगली पदस्थापना तक भाग्य और आदेश दोनों का इंतजार करेंगे!

किसानों की चिंता से ज्यादा साहब की व्यस्तता!

पानी वाले विभाग के बिग बॉस इन दिनों अपनी कार्यशैली और कथित व्यस्तता को लेकर खूब चर्चा में हैं। एक ओर बारिश की बेरुखी से किसान आसमान की ओर टकटकी लगाए बैठे हैं, खेतों में पानी की चिंता है और चेहरे पर मायूसी साफ झलक रही है। वहीं दूसरी ओर साहब की व्यस्तता ऐसी है कि कार्यालय पहुंचने और किसानों से रूबरू होने की फुर्सत ही नहीं मिल रही।

साहब का मानना है कि उनके अधीन दो डिवीजन में अधिकारी तैनात हैं, फिर वे स्वयं क्यों परेशान हों? इधर दोनों अधीनस्थ भी शायद साहब की कार्यशैली से प्रेरणा लेकर हाथ पर हाथ धरे बैठे हैं। नतीजा यह कि विभाग में जिम्मेदारी की गेंद एक-दूसरे के पाले में घूम रही है।

बताते हैं कि साहब स्थानीय होने के साथ पांच वर्षों से इसी पद पर जमे हैं। पदोन्नति के बाद भी कथित राजनीतिक रसूख के चलते कुर्सी से मोह कम नहीं हुआ। अब सवाल यह है कि जब बिग बॉस ही व्यस्तता की चादर ओढ़ लें, तो किसानों की चिंता आखिर कौन करेगा?

तिकड़ी के शिकंजे में अस्पताल, मरीजों की सुविधाओं का कौन बनेगा रखवाला?

जिले के प्रमुख और सर्वसुविधायुक्त अस्पताल में इन दिनों इलाज से ज्यादा चर्चा कथित तिकड़ी के दबदबे की हो रही है। गलियारों में सुगबुगाहट है कि 2 महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाल रहे डॉक्टर और वर्षों से एक ही जगह जमे लिपिक की जुगलबंदी में तीसरी कड़ी भी पूरी ताकत से सक्रिय है। चर्चा तो यहां तक है कि इस तिकड़ी ने अस्पताल के सिस्टम को ही अपने हिसाब से चलाना शुरू कर दिया है।

मरीजों को मिलने वाली सुविधाएं कहीं फाइलों में उलझ रही हैं तो कहीं व्यवस्थाओं के नाम पर सवाल खड़े हो रहे हैं। आए दिन अव्यवस्थाओं और मरीजों से पैसे मांगने संबंधी विवाद सामने आना भी व्यवस्था की पोल खोल रहा है। सवाल यह है कि अस्पताल मरीजों की सेवा के लिए है या कुछ लोगों की सुविधा के लिए? आखिर जिम्मेदारों की नजर इस कथित गठजोड़ पर कब पड़ेगी? वरना इलाज के मंदिर में व्यवस्था की जगह मनमानी का राज कायम रहेगा

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button