CMO rishikant Yadav:घोड़ाडोंगरी सीएमओ का कांग्रेसी प्रेम: आदर्श आचार संहिता में कांग्रेसियों की चुनावी बैठक में पहुंचे

CMO rishikant Yadav: घोड़ाडोंगरी। आदर्श आचार संहिता में भी नगर परिषद घोड़ाडोंगरी के सीएमओ ऋषिकांत यादव सोमवार को कांग्रेस के मंडलम अध्यक्ष के कार्यालय में कांग्रेसियों की चुनावी बैठक में पहुंचे। बताया जा रहा है कि लोकसभा चुनाव को लेकर कांग्रेसियों के साथ रणनीति तय की। इसकी फोटो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।
इसमें लोकसभा चुनाव की आदर्श आचार संहिता के दौरान नगर परिषद घोड़ाडोंगरी के सीएमओ ऋषिकांत यादव द्वारा कांग्रेसियों के साथ कांग्रेस के मंडलम अध्यक्ष अशोक राठौर के कार्यालय राठौर मैरिज लान घोड़ाडोंगरी में बैठक करते दिख रहे हैं। नगर परिषद घोड़ाडोंगरी के कांग्रेस पार्षद राहुल इवने एवं योगेश कवडे सहित अन्य कांग्रेस नेता के साथ लोकसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस के लिए रणनीति तैयार कर रहे हैं। एक शासकीय अधिकारी का यह कृत्य आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन की श्रेणी में आता है।
पूर्व में भी नगर परिषद घोड़ाडोंगरी के सीएमओ ऋषिकांत यादव द्वारा घोड़ाडोंगरी के बाजारढाना मेघनाद मेले का निरीक्षण किया गया था, जो आचार संहिता के उल्लंघन की श्रेणी में आता है।
कांग्रेस पार्षद योगेश कवडे ने खुद बताया कि नगर परिषद घोड़ाडोंगरी के सीएमओ ऋषिकांत यादव लोकसभा चुनाव में कूलर पंखे की व्यवस्था को लेकर आए थे। इस बारे में सीएमओ श्री यादव का कहना था कि वे मतदान के लिए कूलर, पंखे पहुचाने गए थे। शाहपुर एसडीएम अभिजीत सिंह ने बताया कि इस मामले में अब तक कोई शिकायत नहीं मिली है। यदि कोई शिकायत करता है तो जांच की जाएगी।




