Betul Congress News: कमलनाथ की पहली सभा आमला के चुटकी में
Betul Congress News: Kamal Nath's first meeting in a pinch of Amla

संसदीय क्षेत्र के हरदा में लेंगे कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक
Betul Congress News: बैतूल। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के दिग्गज नेता कमलनाथ अपने पुत्र एवं छिंदवाड़ा से कांग्रेस प्रत्याशी नकुलनाथ के प्रचार से मुक्त होते ही अब प्रदेश के चुनावी दौरे पर निकलने वाले हैं। सबसे पहली सभा उनकी बैतूल जिले की आमला तहसील के चुटकी गांव में होने वाली है। उनका अधिकृत कार्यक्रम भी जिला कांग्रेस कमेटी के पास पहुंच गया है।
पूर्व मुख्यमंत्री हेलीकाप्टर से 19 अप्रैल को सुबह 10.15 बजे रवाना होकर 10.40 बजे आमला ब्लाक के चुटकी में कांग्रेस प्रत्याशी रामू टेकाम के समर्थन में सभा को संबोधित करेंगे। यहां से दोपहर 11.45 रवाना होकर पूर्व मुख्यमंत्री हरदा जिले में भी एक आमसभा को संबोधित करने वाले हैं। दोनों ही सभा में उनके साथ संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी रामू टेकाम मौजूद रहेंगे। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हेमंत वागद्रे ने पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के आमला और हरदा में इस दौरे कार्यक्रम की पुष्टि की है।
22 के बाद और भी होगी सभा
कांग्रेस से जुड़े सूत्रों ने बताया कि 22 अप्रैल के बाद पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ भैंसदेही, घोड़ाडोंगरी में भी कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में सभा ले सकते हैं। उनके अलावा छिंदवाड़ा के सांसद और कांग्रेस प्रत्याशी नकुलनाथ की भी मुलताई और आसपास के क्षेत्र में सभा कराने की रणनीति बन रही है। कांग्रेस अपने पक्ष मेें माहौल बनाने के लिए दिग्गजों का उड़नखटोला ग्रामीण क्षेत्रों में उतारने की तैयारी कर रहा है। प्रादेशिक और राष्ट्रीय स्तर के नेताओं के भी 28 अप्रैल से 3 मई के बीच दौरे प्रस्तावित है।





