Betul Samachar: कलेक्ट्रेट का सुरक्षा घेरा ऐसा कि परिंदा भी नहीं मार सकेगा पर
Betul Samachar: The security cordon of Collectorate is such that even a bird will not be able to kill it.

4 टीआई, 6 एसआई सहित 50 पुलिसकर्मी कलेक्ट्रेट में तैनात, नामांकन प्रक्रिया शुरू
लोकसभा चुनावों के दूसरे चरण में होने वाले चुनाव को लेकर कलेक्ट्रेट कार्यालय में नामांकन प्रक्रिया आज से शुरू हो चुकी है। कार्यालय के भीतरी परिसर में अभ्यार्थियों को नामांकन फार्म उपलब्ध कराए जाने के लिए कलेक्ट्रेट के कर्मचारियों की अलग से नियुक्ति की गई है। 8 अप्रैल तक संचालित होने वाली नामांकन प्रक्रिया को लेकर कलेक्ट्रेट परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। परिसर के अंदर और बाहर लगभग आधा पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
इनकी कलेक्ट्रेट परिसर में आने-जाने वालों पर पैनी नजर रहेगी। खास बात तो यह है कि मुख्य द्वार पर मेटल डिटेक्टर लगाया गया है। इसकी कमान टेक्निकल स्टाफ संभाल रहा है। ड्यूटी करने वाले पुलिस कर्मियों को तेज धूप से बचाने के लिए पंडाल भी लगाया गया है। अगले 12 दिनों तक पुलिस की कड़ी निगरानी में नामांकन प्रक्रिया सम्पन्न कराई जाएगी।
एसडीओपी की कमांड में होगी निगरानी
नामांकन प्रक्रिया के दौरान कोई अप्रिय स्थिति का सामना ना करना पड़े, इसके लिए पुख्ता इंतजाम के साथ कलेक्ट्रेट के चारों तरफ सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है। एसपी निश्चल झारिया के निर्देशानुसार कलेक्ट्रेट परिसर सुरक्षा की कमांड एसडीओपी शालिनी परस्ते को सौंपी हैं। इनकी कमांड में 4 टीआई 6 एसआई सहित 50 पुलिसकर्मी कलक्ट्रेट परिसर के आसपास तैनात किए हैं। कलेक्ट्रेट मुख्य प्रवेश द्वार सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं, ताकि कोई परिंदा भी पर न मार सके।

दो भागों में बंटा कलेक्ट्रेट परिसर
सुरक्षा की दृष्टि से कलेक्ट्रेट परिसर को दो भागों में बांटा गया है। एसडीओपी शालिनी परस्ते ने बताया कि, कलेक्ट्रेट के दोनों गेटों के बीच मे बेरिकेड लगाकर परिसर को दो हिस्सों में बांटा गया है। मीडिया सेंटर के सामने वाले गेट को आम नागरिकों के लिए बन्द कर दिया गया है। इस गेट से सिर्फ नामांकन फार्म लेने वाले अभ्यर्थियों और कलेक्ट्रेट के उन कर्मचारियों को ही एंट्री दी जाएगी जिनकी निर्वाचन कार्य मे ड्यूटी लगाई गई है और जिनके पास अधिकृत परिचय पत्र उपलब्ध होगा।
इसके अलावा नामांकन फार्म जमा करने वाले अभ्यर्थियों को भी इसी गेट से एंट्री दी जाएगी जो सीधे कलेक्ट्रेट के पहले गेट से होते हुए नामांकन फार्म जमा किये जाने वाले कक्ष तक पहुंच जाएंगे। कोई अवांछित व्यक्ति हथियार आदि लेकर परिसर में प्रवेश ना कर पाए इसके लिए गेट पर मेटल डिटेक्टर भी लगाया गया है जिन्हें टेक्निकल स्टाफ ऑपरेट करेगा।
एमएलबी गेट से प्रवेश करेंगे आमजन
निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर आम जनता को जरूरी कार्यों से कलेक्ट्रेट आने जाने में कोई परेशानी ना हो इसके लिए एमएलबी स्कूल के बाजू वाले गेट पर व्यवस्था बनाई गई है। एसडीओपी शालिनी परस्ते ने बताया कि आम जनता के प्रवेश के लिए अलग से व्यवस्था बनाई गई है। एमएलबी स्कूल के बाजू वाला गेट आम जन के लिए खोल दिया गया है लेकिन यहां पर्याप्त पुलिस कर्मी तैनात किए गए हैं।
आमजन इस गेट से प्रवेश कर सीधे जिला पंचायत की ओर बने हुए कलेक्ट्रेट के मुख्य द्वार से कलेक्ट्रेट कार्यालय के अंदर एंट्री कर सकते हैं। कलेक्ट्रेट के अंदर कलेक्ट्रेट कोर्ट में नामांकन जमा किये जाने की व्यवस्था की गई है। लेकिन इस तरफ आम जनों की आवाजाही पूर्णत: प्रतिबंधित की गई है। लोग कलेक्टर कोर्ट की तरफ ना जा सके इसके लिए भी बेरिकेड लगा कर रास्ता बंद किया गया है।
3 अभ्यर्थियों ने प्राप्त किया नामांकन
लोकसभा चुनाव के पहले दिन चुनाव लड़ने के इक्षुक अभ्यर्थियों में उत्साह भी देखने को मिला नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के चंद घण्टो के भीतर ही तीन अभ्यर्थियों ने निर्वाचन कार्यालय पहुंचकर नामांकन फार्म हासिल किया। इनमें भैयालाल बेठे बहुजन मुक्ति पार्टी ,अशोक भलावी बहुजन समाज वादी पार्टी तथा ,जौहरी लाल इवनाती गोंडवाना गणतंत्र पार्टी शामिल हैं।
इनका कहना….
परिसर की सुरक्षा को लेकर 50 पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है। इसमें 4 टीआई और 6 एस आई सहित अन्य पुलिस कर्मी शामिल हैं।
शालिनी परस्ते, एसडीओपी बैतूल





