Today Betul News: ई नगर पालिका संपत्ति पोर्टल 2 माह से बन्द, वसूली प्रभावित
Today Betul News: E-Municipality Property Portal closed for 2 months, recovery affected

6 करोड़ के मुकाबले मात्र 2 करोड़ ही वसूल पाई नगर पालिका…
Today Betul News:(बैतूल)। वित्तीय वर्ष 2023-24 को समाप्त होने में महज सवा महीने का समय बचा हुआ है, लेकिन टैक्स वसूली के लिए उपयोग में लाया जाने वाला ई नगर पालिका संपत्ति कर पोर्टल पिछले 2 माह से बन्द होने की वजह से वसूली का कार्य प्रभावित हुआ है। हालात यह हैं कि वसूली करने वाले कर्मचारियों को अब पुराने मैन्युअली तरीके से वसूली करनी पउ़ रही है। इससे अब तक जितनी वसूली हो जानी थी, अपेक्षाकृत हो नहीं पाई है। अब पोर्टल कब तक चालू होगा, इस संबंध में कुछ नहीं कहा जा सकता है।
ऑफलाइन वसूली को मजबूर कर्मचारी
वित्तीय वर्ष 2023 -24 के लिए लगभग 5 से 6 करोड़ की वसूली का लक्ष्य नगरपालिका द्वारा तय किया गया है, लेकिन वसूली मे व्यवधान तब उतपन्न हो गया जब अचानक 21 दिसम्बर 2023 को पोर्टल हैंग होकर बन्द हो गया। इसके बाद वसूली का काम पूरी तरह ठप पड़ गया। अधिकारियों के मुताबिक पोर्टल बन्द होने से यह स्थिति केवल बैतूल की नहीं बल्कि पूरे प्रदेश में निर्मित हो गई है। पोर्टल पुन: शुरू किए जाने के प्रयास तो किये जा रहे हैं पर इसमें सफलता कब तक मिल पाएगी यह कहा नहीं जा सकता वसूली होती रहे इसके लिए कर्मचारियों को ऑफ लाइन वसूली के निर्देश दिए गए हैं।
अभी भी 4 करोड़ की वसूली बाकी
पूरे मामले की जब पड़ताल की गई तो यह देखने को मिला है कि, नगर पालिका द्वारा वित्तीय वर्ष की समाप्ति तक संपत्ति कर, जलकर ओर दुकान किराए की शतप्रतिशत वसूली के प्रयास किये तो जा रहे हैं लेकिन पोर्टल बन्द होने के चलते कार्य सुस्त गति से चल रहा है। शहर के 33 वार्डों में रहने वाले शहर वासियों से सालाना 5 से 6 करोड़ की वसूली की जाती है जिसके लिए राजस्व शाखा में 15 कर्मचारियों को इस काम मे लगाया गया है, लेकिन कुल वसूली के मुकाबले नगर पालिका अब तक करीब 2 करोड़ रुपये की वसूली ही कर पाई है। लगभग 4 करोड़ कि वसुली अभी होनी बाकी है। वो तब सम्भव हो पायेगा जब पोर्टल ऑन लाइन काम करना शुरू करेगा। लिहाजा नगर पालिका वित्तीय वर्ष की समाप्ति तक तय लक्ष्य पूरा कर पायेगी इसकी गुंजाइश कम ही नजर आ रही है।
इनका कहना….
पोर्टल बन्द होने से वसूली कार्य प्रभावित हो रहा है। पोर्टल चालू नहीं होने से ऑफलाइन वसूली तो की जा रही है, परंतु लक्ष्य के मुताबिक वसूली पिछड़ रही है।
बृजगोपाल परते, वरिष्ठ राजस्व निरीक्षक नगर पालिका परिषद बैतूल





