Today Betul Samachar : शंकर वार्ड में सडक़ के लिए अतिक्रमण बना बाधा, पूरी सड़क नहीं बनने से वार्ड के लोग परेशान
Today Betul Samachar: Encroachment became a hindrance to the road in Shankar Ward, people of the ward are upset due to the complete road not being built.

Today Betul Samachar : (बैतूल)। शहर के शंकर वार्ड में लोगों ने इसका कदर अतिक्रमण कर रखा है, जैसे सरकारी जमीन उन्हें गिफ्ट मिल गई हो। इसमें कही न कही राजस्व विभाग के अलावा नगरपालिका की भी गलती सामने आ रही है। कुछ दिनों पहले वार्ड में अब तक की सबसे चौड़ी करीब 30 फीट की सडक़ निर्माण में अतिक्रमण का नजारा देखने को मिला है। मामले में अतिक्रमणकारियों की शिकायत भी हुई, लेकिन राजस्व और नपा के अधिकारियों ने मौके पर जाकर नहीं देखा। इस बीच ठेकेदार ने एसटीडी चौक से पार्षद ममता मालवीय के आवास से लेकर नाले के पहले गिट्टी और फिर डामरीकरण का काम पूरा कर दिया।
हालांकि पूरी सडक़ निर्माण के दौरान राजनीति जबरदस्त हावी रही। सडक़ का निर्माण कर रहे ठेकेदार ने नपाई कर अतिक्रमण हटाने का प्रयास किया तो कुछ रसूखदारों ने नेतागिरी का उपयोग कर सडक़ तक बाउंड्रीवाल और मकान बनाने पर सडक़ नहीं बनाने दी। मजबूरी में ठेकेदार ने कहीं 30 फीट तो कहीं 20 फीट तक सडक़ का निर्माण कर दिया। आरोप लग रहे हैं कि राजनीति से जुड़े लोगों ने भी अपने अतिक्रमण नहीं हटाकर ठेकेदार पर दबाव बनाकर सडक़ का निर्माण करवा लिया है। वार्ड मेंं पार्षद ममता मालवीय के आवास वाली गली में सबसे ज्यादा अतिक्रमण देखा जा रहा है। एसटीडी चौक से टेलीफोन कालोनी शुरू होने वाली गली तक लगभग 30 फीट चौड़ी सडक़ बनी हुई है, लेकिन यहां से नाले तक यह सडक़ महज 20 फीट तक सिमटकर रह गई है।
इस गली में लोगों ने दोनों ओर पांच-पांच फीट का कब्जा कर रखा है। इस पर नगरपालिका के अधिकारियों ने भी ध्यान नहीं दिया। इसी चाल में सडक़ का काम एक बड़े मकान के कारण नाले तक सडक़ का निर्माण तक नहीं हो सका है। बताया जा रहा है मकान निर्माण करने वाले ने सडक़ के किनारे कम से कम 5 से 6 फीट का अतिक्रमण कर लिया है। मजबूरी में ठेकेदार को मकान के कारण वहीं तक सडक़ निर्माण कर अधूरा काम छोडऩा पड़ा। इससे क्षेत्र के लोग भी नाराज बताए जा रहे हैं। उनका कहना है कि सड़क़ बनाने में भेदभाव पूर्ण रवैया अपनाया गया। इसको लेकर सीएम हेल्पलाइन में शिकायत भी की जा रही है। इधर मामले में नगरपालिका के उपयंत्री नगेंद्र वागद्रे का कहना है कि सडक़ बनने के पहले अतिक्रमण के संबंध में शिकायत जरूर मिली थी, इसे शीघ्र दिखवाया जाएगा। तहसीलदार अतुल श्रीवास्तव ने बताया कि शंकर वार्ड में सडक़ निर्माण के दौरान एक आवास 6 फीट सडक़ पर आने की शिकायत मिली थी। जल्द ही मौके पर टीम भेजकर नपाई की जाएगी।





