वार्ड परिक्रमा बैतूल : आजाद वार्ड में नहीं बनी सड़कें, गलियों में बहता है बारिश का पानी, गंदगी से बजबजा रहा पूरा वार्ड और पार्षद को ही पता नहीं उनके वार्ड में कितने काम हुए
Ward Parikrama Betul: Roads not built in Azad ward, rain water flows in the streets, the whole ward is ringing with filth and the councilor does not know how many works were done in his ward

Betul Ward Parikrama : (बैतूल)। शहर के बीच शहर में मौजूद वार्ड क्रमांक 8 आजाद वार्ड के रहवासी इन दिनों मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रहे है। एक वर्ष के भीतर वार्ड में कोई कामकाज नहीं हुए। चुनाव के समय वार्ड के पार्षद कदीर खान ने जो वायदा किया था, उसे पूरा नहीं किया है। आजाद वार्ड में सडक़ें खस्ताहाल हो चुकी है। आवाजाही में परेशानियां होती है। नालियों की सबसे ज्यादा परेशानी बनी हुई है, कई स्थानों पर नालियों का निर्माण नहीं हुआ। बारिश का पानी सीधे घरों में घुसता है।
जहां नालियां बनी है, कई महीनों से नालियों की साफ सफाई नहीं हुई। नालियों की सफाई नहीं होने से वार्ड में बदबू फैल रही है। कई जगह गंदगी का आलम है, साफ सफाई व्यवस्था पर्याप्त नहीं है। पार्षद ने जीतने के लिए जनता से वायदे तो कर लिए, लेकिन एक वर्ष के कार्यकाल के भीतर पार्षद अपने काम पर खरे नहीं उतर पाए। कामकाज नहीं होने से वार्ड की जनता में आक्रोश देखने को मिला है। वार्ड में एक बड़ा नाला है, जहां साफ-सफाई नहीं होती। कई लोग कचरा डाल देते है। नाली की बदबू के कारण वार्डवासियों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
वार्ड में क्या हुआ मैं अभी नहीं बता सकता: कदीर
वार्ड के पार्षद से जब एक वर्ष के कार्यकाल में क्या काम हुए जानकारी लेना चाही तो पार्षद ने जानकारी देने से पल्ला झाड़ लिया। आजाद वार्ड के कांग्रेस पार्षद कदीर खान ने बताया कि वार्ड में पिछले एक वर्ष में क्या कामकाज हुए मैं अभी कुछ भी नहीं बता पाउंगा। 12 अगस्त के बाद ही वार्ड के विकास को लेकर जानकारी दूंगा। वार्ड पार्षद के इस बातों से ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि वार्ड में कितना कामकाज हुआ होगा। पार्षद खुद नहीं बता पा रहे है कि उन्होंने एक वर्ष के कार्यकाल में क्या किया है। चुनाव के समय जनता से वायदे कर पार्षद तो बन गए, लेकिन जब कामकाज की बारी आई तो वायदों से पल्ला झाडऩे लगे है।
आजाद वार्ड में कोई काम नहीं हुआ: अकरम
आजाद वार्ड से नगरपालिका चुनाव के चुनाव भाजपा प्रत्याशी रहे अकरम टेलर ने बताया कि वार्ड में एक वर्ष के भीतर कोई कामकाज नहंी हुए है। सडक़, नाली की समस्या बनी हुई है। कई जगह गंदगी फैली है। चुनाव के समय जो जनता से वायदा किया था, उसे पूरा नहीं किया। कई जगह स्ट्रीट लाईट की भी समस्या बनी हुई है। स्ट्रीट लाईट बंद होने से वार्ड में अंधेरा छाया रहता है। इक्का-दुक्का काम बड़ी मुश्किल से हुआ है। यह काम भी पार्षद ने अपने चहेतों के मोहल्ले में किए है। वार्ड की जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रही है।
क्या कहते है आजाद वार्डवासी
एक वर्ष के भीतर वार्डो में सडक़ों का निर्माण नहीं हुआ है, सडक़ें खस्ताहाल हो चुकी है। सडक़ों के किनारे नालियां बनी है। नालियों की वर्षो से साफ-सफाई नहीं हो पाई। नालियां चोक होने से सडक़ों पर गंदा पानी बहते रहता है। बारिश के समय पानी की निकासी नहीं हो पाती है। नालियां चोक होने के कारण वार्डवासी सबसे ज्यादा परेशानियों से जूझ रहे है। वार्ड के पार्षद ने एक वर्ष के कार्यकाल में कोई काम नहीं किया।
पीडी जैन, वार्डवासी, आजाद वार्ड
वार्ड के भीतर नाली और सडक़ की सबसे ज्यादा समस्या है। वर्षो पुरानी नालियां बनी है, जिनकी साफ-सफाई नहीं होती। पुरानी नालियों की जगह नई नालियों का निर्माण होना चाहिए। पार्षद ने चुनाव के समय जनता से कई वायदे किए, लेकिन एक भी काम नहीं किया। जब भी पार्षद को कोई समस्या बताओ, वे समस्या सुनने को तैयार नहीं रहते है। कामकाज नहीं होने से वार्ड की जनता परेशान है।
इकबाल हुसैन, वार्डवासी, आजाद वार्ड




