Betul Kotwali News: कोतवाली परिसर से एएसआई की बाइक चोरी, बात बढ़ी तो किया इंकार, सीसीटीवी में भी घटना कैद होने की चर्चा
Betul Kotwali News: ASI's bike stolen from Kotwali premises, when the matter escalated, he denied it, discussion about the incident being captured in CCTV also

Betul Kotwali News: बैतूल। कोतवाली थाना क्षेत्र में अपराधों का ग्राफ किस तरह से बड़ा है, इसके कई उदाहरण देखने को मिले हैं। इसके बावजूद न तो शीर्ष अधिकारी न ही जनप्रतिनिधि ध्यान दे पा रहे हैं। सूत्र बताते हैं कि बीती रात कोतवाली परिसर से एक एएसआई की बाइक चोरी हो गई है। यह घटना थाने में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद होने की जानकारी सामने आई है। सांझवीर टाईम्स ने पड़ताल की तो पूरा मामला चोरी से भूलने पर पहुंच गया। (Betul Kotwali News)

सूत्रों के मुताबिक थाने में पदस्थ एएसआई मुकेश ठाकुर अपनी बाइक को परिसर में ही थोड़ा दूर खड़ी करके गए थे। सुबह वे थाने आए तो उनकी बाइक नहीं मिली, इससे थाने में हड़कंप मच गया। सूत्रों ने दावा किया कि एएसआई की बाइक चोरी होने के बाद थाने के सीसीटीवी खंंगाले गए तो इसमें एक व्यक्ति बाइक ले जाते नजर आ रहा है। इसके बाद संबंधित की तलाश शुरू की गई और वाहन भी जब्त कर लिया गया। इधर पत्रकारों को घटना की जानकारी मिली तो पूरा मामला ही बदल गया। कहा जा रहा है कि बाइक चोरी नहीं हुई, बल्कि एएसआई थाने में बाइक खड़ी कर घर ले जाना भूल गए थे। बाइक थाने में ही थी, लेकिन यह बात किसी के गले नहीं उतर रही, क्योंकि अपनी बाइक के बिना कोई घर कैसे जाएगा। एएसआई ठाकुर भी कह रहे हैं कि वाहन कोतवाली परिसर में ही मिल गया है। चोरी जैसी घटना नहीं हुई है। (Betul Kotwali News)
इधर कोतवाली टीआई आशीष पवार का कहना है कि बाइक चोरी होने के संबंध में उन्हें कोई जानकारी नहीं है, वे ट्रेनिंग पर है। जबकि कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने उन्हें बीती रात कोतवाली के सामने से निकली शोभायात्रा में भी देखा गया। अब हकीकत क्या है यह तो वरिष्ठ अधिकारी ही पड़ताल कर सकते हैं, लेकिन यदि कोतवाली थाने जैसे सुरक्षित परिसर से एएसआई की बाइक चोरी होनेे के बाद सुरक्षित भी मिल गई हो तो पूरे थाने पर किसी धब्बे से कम नहीं कहा जा सकता है। यदि चोर थाने से बाइक चोर कर ले जाता है तो शहर के आम लोगों की क्या सुरक्षा हो पाएगी, यह अंदाजा लगाया जा सकता है।
एक भी चोरी, लूट का अब तक खुलासा नहीं (Betul Kotwali News)
पिछले एक माह में कोतवाली और गंज थाना क्षेत्र में हुई चोरी और लूट का पुलिस खुलासा नहीं कर पाई है। एसपी ने मामले में एएसआई और प्रधान आरक्षकों की टीम भी बनाई है, लेकिन उन्हें भी अब तक कोई सुराग हाथ नहीं लग पाया है। जांच टीम को बने लगभग आठ दिनों का समय बीत गया है। कोतवाली क्षेत्र में तो दिन दहाड़े बारस्कर कालोनी में हुई चोरी का तक पुलिस ने सुराग नहीं लगाया है। मामले में रेंज के आईजी को भी शिकायत हुई है। खबर है कि चोरी के शिकार हुए लोग संयुक्त रूप से सीएम हेल्पलाइन में शिकायत करने के बाद शीघ्र ही भोपाल जाकर डीजीपी से भी मुलाकात कर बैतूल पुलिस की करतूतों के बारे में जानकारी देने वाले हैं।




