Politics: राजनीतिक हलचल: कौनसे नेताजी है, जो घर के रहे न घाट के?? लबाड़ू नेता की किसने उतारी लू तो गटक गए 3 गिलास पानी??? गए थे प्रदर्शन करने, आ गए फ़ोटो खेंचकर……. विस्तार से पढ़िए हमारे चर्चित कॉलम राजनीतिक हलचल में….

नेताजी घर के ना रहे ना घाट के
विपक्षी पार्टी के एक युवा जिपं सदस्य इस समय घर और दोनों घाट के दूर हो गए है। दरअसल आर्थिक स्थिति कमजोर होने की वजह से उन्होंने अपने कट्टर आंका और पार्टी के कद्दावर नेता का साथ छोड़ वर्तमान में पार्टी प्रमुख का दामन थामा था। चर्चा है कि जिपं सदस्य का चुनाव और दिखावे की राजनीति ने उन्हें लाखों रूपए का कर्जदार बना दिया।
एक सुरक्षित विधानसभा से चुनाव लडऩे की तथाकथित तैयारियों ने उनकी लुटियां डूबा दी। आखिर में उन्होंने समझौता करते हुए पार्टी प्रमुख के गुट का दामन थाम लिया और एक मोटी रकम लेकर कामकाज शुरू किया, लेकिन यहां भी उन्हें सफलता नहीं मिली। कहा जा रहा है कि कालोनी के लिए उन्होंने प्लॉट काटे, फिर भी प्रतिसाद नहीं मिला।
अब पुराने के साथ पार्टी प्रमुख का कर्ज चुकाने की भी टेंशन ने उन्हें विपक्षी पार्टी की राजनीति से दूर कर दिया है। वे पार्टी के कार्यक्रमों से पूरी तरह से दूर हो गए है और कर्जदारों से परेशान होकर मोबाईल भी बंद रखते है, इससे उनकी स्थिति घर के ना घाट के जैसी हो गई है।
लाबाडू नेता की कैसे उतरी लू
बात कुछ पुरानी है, लेकिन इसके चटकारे अब तक लिए जा रहे है। शाहपुर ब्लॉक के सत्तारूढ़ पार्टी के एक बड़बोले नेता ने कुछ दिनों पहले भैंसदेही विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस नेता की बहन के खिलाफ गलत कमेंट्स कर दिए। जैसे ही उक्त कांग्रेस नेता को यह बात पता चली तो वे सीधे सत्तारूढ़ पार्टी के पंचायत प्रतिनिधि रहे नेता के घर पहुंच गए और इनकी लू उतारना शुरू किया।
चर्चा है कि पहले तो अपना ठाकुराई अंदाज दिखाते हुए ऊंची आवाज में बात की, लेकिन जैसे ही कांग्रेस नेता ने अपने तेवर दिखाए लबाडू नेता ने एकसाथ तीन गिलास पानी पी डाला। प्रत्यक्षदर्शियों की माना तो यह मामला महिला से जुड़ा था इसलिए हमेशा दबंगई दिखाने वाले सत्तारूढ़ नेता ने माफी मांगकर मामले का पटाक्षेप कर दिया, लेकिन यह चर्चा पूरे क्षेत्र में चटकारे लगाकर सुनी जा रही है। बताते चले कि यह वही नेता है जो अपने क्षेत्र की राजनीति निर्दलीय प्रत्याशी को उतारकर करने की बात कहते आ रहे है।
गए थे प्रदर्शन करने, आ गए फोटो खींचकर
बीते दिनों एक पार्टी का राजधानी में जंगी प्रदर्शनी हुआ। दीपावली के पहले हुए प्रदर्शन में प्रदेश के नेता शामिल हुए थे। भला फिर राजनीति चमकाने के लिए जिले से पार्टी के नेता क्यों नहीं जाते? चर्चा है कि पार्टी के नेता अपने मुखिया के साथ राजधानी पहुंचे तो नेताओं से मेलजोल की तस्वीरें खूब सोशल मीडिया पर वायरल की।
नेताओं से लगातार मुलाकात की तस्वीरें तो वायरल हुई, लेकिन इस उदेदश्य से पार्टी का कार्यक्रम था। यहां पर एक दर्जन नेताओं को लेकर पहुंचे प्रमुख ने दूर से फोटो खिंचवाकर कर्त्तव्यों की इतिश्री कर दी। जबकि अन्य नेता वरिष्ठ नेताओं के साथ प्रदर्शन के भीतर तक लाईव कर रहे थे। ऐसे में वापस आने के बाद इनकी खूब किरकिरी हुई। कुछ नेता इस प्रदर्शन को लेकर जमकर ट्रोल भी हुए।




