Betul News: दो करोड़ का थाना बना, लेकिन मुख्य सड़क से पहचान ही गायब!

गंज थाने की लोकेशन पर उठे सवाल, गेट को लेकर विधायक ने भी जताई नाराजगी
Betul News: बैतूल। पुलिस लाइन में 1 करोड़ 98 लाख की लागत से आधुनिक गंज थाने का भव्य भवन तैयार कर दिया गया। नए भवन की सौगात मिलने के बाद उम्मीद थी कि थाने की पहचान और पहुंच दोनों बेहतर होंगी, लेकिन निर्माण के साथ ही एक बड़ी खामी सामने आ गई। थाने का मुख्य गेट ही मुख्य मार्ग की ओर नहीं बनाया गया।
हालात यह हैं कि सिविल लाइन से गुजरने वाले लोगों को आसानी से पता तक नहीं चलता कि यहां गंज थाना संचालित हो रहा है। थाने के शुभारंभ अवसर पर यह अव्यवस्था देखकर विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने भी नाराजगी जताई और मुख्य मार्ग की ओर नया गेट बनाने के निर्देश दिए। इसके लिए उन्होंने अपनी ओर से 4 से 5 लाख रुपये देने की घोषणा भी कर दी।
विडंबना देखिए कि करीब दो करोड़ रुपये खर्च कर आधुनिक थाना भवन तो खड़ा कर दिया गया, लेकिन उसकी बुनियादी जरूरतों और लोकेशन पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया।
थाना ऐसी जगह होना चाहिए, जहां आम नागरिक आसानी से पहुंच सके और पुलिस की मौजूदगी का एहसास भी हो। लेकिन गंज थाने का भवन मुख्य मार्ग से हटकर होने के कारण उसकी पहचान ही छिप गई है। जिस थाने को देखकर अपराधियों में पुलिस का खौफ पैदा होना चाहिए, उसकी मौजूदगी ही लोगों को आसानी से दिखाई नहीं देती।
तीसरी बार बदला थाने का ठिकाना, फिर भी सही जगह नहीं मिली
गंज थाने का इतिहास भी स्थान परिवर्तन की कहानी बयां करता है। शुरुआत में रेलवे स्टेशन के पास गंज चौकी संचालित होती थी। बाद में इसे थाने का दर्जा दिया गया। इसके बाद थाना रेलवे स्टेशन मार्ग से हटाकर पुलिस ग्राउंड के पास कंट्रोल रूम में संचालित किया जाने लगा।
अब तीसरी बार इसका ठिकाना बदलकर सिविल लाइन में नया भवन बना दिया गया है। तीन बार स्थान बदलने के बावजूद थाने के लिए ऐसी जगह का चयन नहीं हो पाया, जहां से आम जनता और व्यापारियों को सीधा लाभ मिल सके।
जहां चोरियां ज्यादा, वहां पुलिस थाने की मौजूदगी नहीं
गंज शहर का प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र है। यहां बड़ी संख्या में दुकानें और प्रतिष्ठान हैं। इसी क्षेत्र में चोरी की घटनाएं भी लगातार चिंता का विषय रही हैं। कई बड़े प्रतिष्ठानों को चोर निशाना बना चुके हैं। व्यापारियों और स्थानीय लोगों का मानना है कि गंज थाना व्यावसायिक क्षेत्र के बीच होना चाहिए, ताकि पुलिस की सक्रिय मौजूदगी बनी रहे और अपराधियों में कानून का डर रहे।
पहले पुलिस ग्राउंड के पास थाना संचालित होने पर भी सवाल उठते रहे, लेकिन अब स्थान बदलने के बाद भी लोगों की अपेक्षाओं के अनुरूप व्यवस्था नहीं बन पाई। नया भवन बनाना विकास का हिस्सा हो सकता है, लेकिन केवल भवन खड़ा कर देने से पुलिस व्यवस्था मजबूत नहीं होती। थाने की लोकेशन, आम जनता की पहुंच और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी भी उतनी ही महत्वपूर्ण है।
अब मुख्य मार्ग की ओर गेट बनाने के लिए विधायक को 5 लाख रुपये देने की घोषणा करनी पड़ रही है। यह स्थिति निर्माण के दौरान की गई योजना और स्थान चयन पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




