Maut ke Ghunt ka Khauf: मौत के घूंट का खौफ, जान बची तो अब सिर चकराने की शिकायत

शराब छुड़ाने के नाम पर पिलाया गया था जमरास की जड़ का घोल, दो मौतों के बाद कई लोगों में दिख रहे चक्कर आने के लक्षण

Maut ke Ghunt ka Khauf: बैतूल। चिचोली विकासखंड के ग्राम पाठाखेड़ा में शराब छुड़ाने के नाम पर पिलाए गए काढ़े का मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है। इस कथित जड़ी-बूटी के काढ़े के सेवन से दो लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से बीमार हुए थे। अब एक नई चिंता यह सामने आई है कि घटना वाले दिन काढ़ा पीने वाले कई अन्य लोगों को भी सिर चकराने और घूमने जैसी शिकायतें हो रही हैं।

यानी जिन लोगों ने शराब छोड़ने की उम्मीद में काढ़े का सेवन किया था, वे अब खुद अपनी सेहत को लेकर आशंकित हैं। हालांकि मौतों के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो सकेगा।

शराब छोड़ने के लिए पाठाखेड़ा पहुंचे राहुल ने बताया कि घटना वाले दिन पहले चरण में करीब 50 लोगों को लाइन में खड़ा कर एक-एक करके काढ़ा पिलाया गया था। इसके बाद दूसरे चरण में 10 से 12 लोग ही पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी और मामला गंभीर हो गया।

राहुल का कहना है कि काढ़ा पीने के बाद से उन्होंने शराब का सेवन नहीं किया है, लेकिन उन्हें हल्के चक्कर आने और सिर घूमने की शिकायत हो रही है। उनके मुताबिक, अन्य लोगों को भी इसी तरह की परेशानी महसूस हो रही है। दो मौतों के बाद काढ़ा पीने वालों में अनजाना भय भी बना हुआ है।

 जमरास की जड़ से तैयार होता था काढ़ा, 90 प्रतिशत फायदा होने का दावा

ग्रामीणों के मुताबिक, हर रविवार और बुधवार को शराब छोड़ने के इच्छुक लोग यहां पहुंचते थे। पास के जंगल में मौजूद जमरास के पेड़ों की जड़ निकालकर उसे सुखाया जाता था। इसके बाद कूटकर उसका पाउडर बनाया जाता और पानी में मिलाकर काढ़ा तैयार किया जाता था।

लोगों को एक-दो गिलास यह घोल पिलाया जाता था। सरपंच गुलाबराव उइके का दावा है कि भगत रमेश उइके पिछले 14-15 वर्षों से यह काढ़ा पिला रहे थे और करीब 90 प्रतिशत लोगों को इसका फायदा हुआ था। पहले कभी ऐसी घटना सामने नहीं आई।

ज्यादा शराब पीकर आने की बात, पुलिस जांच में नहीं हुई पुष्टि

भगत के भतीजे ओमकार परते का कहना है कि जिन लोगों की मौत हुई, उनके बारे में सुनने में आया है कि वे पहले से अधिक शराब पीकर आए थे और उन्होंने खाना भी नहीं खाया था। हालांकि इस दावे की पुलिस जांच में पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल दो मौतों के बाद पुलिस ने भगत रमेश उइके को हिरासत में लिया है।

सवाल यह है कि वर्षों से पिलाए जा रहे काढ़े में आखिर इस बार ऐसा क्या हुआ कि दो लोगों की जान चली गई और कई अन्य की सेहत पर भी असर पड़ने की शिकायतें सामने आने लगीं? अब सबकी निगाहें जांच और पीएम रिपोर्ट पर टिकी हैं।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें

👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t

बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button