Betul News: जो कहा, वो कर दिखाया… हेमन्त के प्रयासों से बैतूल को मिली करोड़ों की विकास सौगात

ताप्ती कंजर्वेशन रिजर्व से लेकर सड़क, आजीविका प्लाजा और नए भवनों तक विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन
Betul News: बैतूल। विकास के वादों को धरातल पर उतारने की दिशा में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल ने शनिवार को शहर और जिले को करोड़ों रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी। कहीं नई सड़क की आधारशिला रखी गई तो कहीं वर्षों से प्रतीक्षित भवन जनता को समर्पित किए गए। वहीं, जिले को पर्यटन के नए नक्शे पर स्थापित करने की मंशा से मध्यप्रदेश के पहले ताप्ती कंजर्वेशन रिजर्व में पर्यटन सुविधाओं के विकास का श्रीगणेश किया गया।
करोड़ों रुपये के इन कार्यों के लोकार्पण और भूमिपूजन के साथ विधायक ने यह संदेश देने की कोशिश की कि विकास के लिए किए गए वादों को केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं रखा जाएगा। खास बात यह है कि रविवार को भी शहर के दर्जनों वार्डों में करीब 15 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन प्रस्तावित है।
जिले के पर्यटन विकास की दृष्टि से शनिवार का सबसे महत्वपूर्ण कार्यक्रम महुपानी में आयोजित हुआ। यहां ताप्ती कंजर्वेशन रिजर्व में सफारी गेट, टिकट काउंटर और पर्यटन संबंधी बुनियादी सुविधाओं के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया।
इन कार्यों पर 42 लाख रुपये से अधिक खर्च होंगे। लगभग 25 किलोमीटर के जंगल सफारी रूट में घोड़ीदेव व्यू पॉइंट सहित प्राकृतिक स्थलों का अवलोकन किया जा सकेगा। विधायक सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बच्चों ने पहली बार जंगल सफारी कर पर्यटन की संभावनाएं भी देखीं।

युवाओं को मिलेगा रोजगार, ग्रामीणों के लिए होमस्टे
ताप्ती कंजर्वेशन रिजर्व को केवल पर्यटन स्थल नहीं, बल्कि स्थानीय रोजगार का केंद्र बनाने की योजना है। वन विभाग द्वारा आसपास के गांवों के युवाओं को गाइड का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। जिप्सी संचालन और ड्राइविंग का प्रशिक्षण भी मिलेगा।
विधायक ने अपनी ओर से एक जिप्सी उपलब्ध कराने की घोषणा की। इसके अलावा जनजातीय परिवारों को समूहों में संगठित कर होमस्टे विकसित किए जाएंगे, ताकि पर्यटक स्थानीय संस्कृति और जीवनशैली का अनुभव कर सकें तथा ग्रामीण परिवारों को आय का नया जरिया मिले।

बटरफ्लाई पार्क के साथ विकसित होंगे नए आकर्षण
रिजर्व में दो स्थानों पर बटरफ्लाई पार्क विकसित करने की योजना है। इसके लिए दो से तीन एकड़ क्षेत्र में तितलियों के अनुकूल वातावरण तैयार किया जाएगा। बोरनाला और गौनीघाट में डोम, घास के मैदान और व्यू पॉइंट विकसित करने की दिशा में भी काम होगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा ताप्ती कंजर्वेशन रिजर्व और बटरफ्लाई पार्क के विकास के लिए लगभग 10 करोड़ रुपये देने की घोषणा की गई है।
सड़क, आजीविका प्लाजा और भवनों की मिली सौगात
शहर में कृषि उपज मंडी से तितली चौराहे तक 6 करोड़ 91 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सड़क का भूमिपूजन किया गया। कोठीबाजार बस स्टैंड स्थित 4 करोड़ 15 लाख रुपये की लागत से निर्मित आजीविका प्लाजा का लोकार्पण हुआ। वहीं, लगभग 1 करोड़ 80 लाख रुपये की लागत से तैयार गंज थाना भवन जनता को समर्पित किया गया। नगर पालिका के नए भवन के निर्माण के लिए करीब 2 करोड़ रुपये की लागत से भूमिपूजन भी किया गया।
स्किल डेवलपमेंट से गांवों तक पहुंचेगा रोजगार
विधायक ने नेशनल स्किल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन के माध्यम से ग्रामीण और जनजातीय युवाओं को गाइड, ड्राइविंग, वेल्डिंग, इलेक्ट्रिशियन और कंप्यूटर जैसे रोजगारपरक प्रशिक्षण देने की योजना भी बताई। प्रत्येक गांव से पांच से दस युवाओं को प्रशिक्षण से जोड़ने का लक्ष्य है।
कार्यक्रम में भैंसदेही विधायक महेंद्र सिंह चौहान, आमला विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे, कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे, पुलिस अधीक्षक अमित सक्सेना सहित वन विभाग के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। रविवार को शहर के विभिन्न वार्डों में करीब 15 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन कर विकास की इस कड़ी को आगे बढ़ाया जाएगा।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




