Betul News: रामलाल ने छापी खबर, श्यामलाल और रतन पहुंच गए बाइट लेने!

खबर किसी की, कमाई की जुगाड़ किसी और की, हाथ में डंडा लेकर खुद को पत्रकार बताने का शौक

Betul News: बैतूल। जिले की पत्रकारिता में इन दिनों एक नया ही ट्रेंड देखने को मिल रहा है। मुख्यधारा की पत्रकारिता से जुड़े पत्रकार जहां मेहनत और मशक्कत कर जनहित के मुद्दे तलाशते हैं और अपनी खबरों के जरिए शासन-प्रशासन को आईना दिखाते हैं, वहीं अपने आप को स्वयंभू पत्रकार समझने वाले दूसरों की खबरों को ही अपनी कमाई का आसान रास्ता बना रहे है।

हैरानी की बात यह है कि इन्हें खबर लिखने का ककहरा भले ही न आता हो, लेकिन किसी अखबार में खबर छपते ही इनके हाथ-पैर सक्रिय हो जाते हैं। खबर पढ़ी नहीं कि सीधे संबंधित विभाग के अधिकारी के दफ्तर में हाजिरी! मकसद भी साफ रहता है, खबर पर अधिकारी की बाइट लेना और इसी बहाने पांच सौ या हजार रुपये की जुगाड़ बैठाना होता है। सांझवीर टाईम्स द्वारा वन विभाग की नगर वन परियोजना को लेकर खबर प्रकाशित की गई।

खबर छपते ही इस विशेष श्रेणी के दो स्वयंभू पत्रकार हाथ भर का डंडा लेकर संबंधित अधिकारियों के पास बाइट लेने पहुंच गए। यानी खबर रामलाल ने मेहनत से तैयार की और उसका फॉलोअप करने श्यामलाल-रतन मैदान में उतर गए! बहरहाल, यहां किसी का नाम उजागर करना मकसद नहीं है, लेकिन सवाल जरूर है कि आखिर ये लोग कौन हैं? कहां से आते हैं?

किस मीडिया संस्थान से जुड़े हैं और इन्हें पत्रकारिता करने का अधिकार किसने और कैसे दे दिया है? विभागीय अधिकारियों सहित मुख्य धारा से जुड़े पत्रकारों को भी ऐसे लोगों से सावधान रहने की जरूरत है, क्योंकि खबर की आड़ में बाइट लेने और उसके नाम पर सौदेबाजी करने वालों से असली पत्रकारिता की पहचान अलग रखना बेहद जरूरी है। वरना मेहनत कोई करेगा और मलाई कोई दूसरा खाएगा!

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button