Betul Samachar: रात के अंधेरे में फिर शुरू हुआ काले खेल का कारोबार

पुलिस और खनिज विभाग को भनक तक नहीं, डूल्हारा से निकलकर सुखतवा-केसला में खपाया जा रहा अवैध कोयला

एक बार फिर सक्रिय हुई पुरानी जोड़ी, मजदूरों और जेसीबी की मदद से रातोंरात निकाला जा रहा कोयला; 80 हजार से एक लाख रुपए प्रति ट्रक तक में सौदेबाजी की चर्चा

Betul Samachar: बैतूल। शाहपुर ब्लॉक के डूल्हारा में अवैध कोयला खनन और तस्करी का कारोबार एक बार फिर पैर पसारने लगा है। कुछ समय तक प्रशासनिक कार्रवाई के चलते शांत पड़ा कोयले का काला कारोबार अब रात के अंधेरे में फिर से सक्रिय हो गया है। आरोप है कि नदी किनारे स्थित क्षेत्र को निशाना बनाकर पुराने तरीके से अवैध उत्खनन किया जा रहा है। इस पूरे खेल में जुनैद और फगन की पुरानी जोड़ी के फिर सक्रिय होने की चर्चा है।

रात के सन्नाटे में मजदूरों और जेसीबी की मदद से कोयला निकालकर ट्रकों के माध्यम से बाहर भेजा जा रहा है। सांझवीर टाइम्स के पास उपलब्ध बीती रात के साक्ष्य इस पूरे मामले की गंभीरता की ओर इशारा कर रहे हैं। जानकारी के अनुसार, करीब एक सप्ताह से डूल्हारा में रात के समय अवैध कोयला निकालने का सिलसिला फिर शुरू होने की बात सामने आ रही है।

कथित तौर पर एक दर्जन से अधिक मजदूरों को काम पर लगाकर जेसीबी की मदद से रातोंरात कोयला निकाला जा रहा है। बताया जा रहा है कि प्रतिदिन करीब दो ट्रक कोयला निकालकर सुखतवा और केसला क्षेत्र में डंप किया जा रहा है। इसके बाद खरीदारों के बीच ऊंची बोली लगाकर कोयले का सौदा किया जाता है।

प्रति ट्रक 80 हजार से एक लाख रुपए तक कीमत मिलने की चर्चा है। यदि इन आरोपों की पुष्टि होती है तो यह केवल अवैध खनन का मामला नहीं, बल्कि खनिज संपदा की खुलेआम लूट और सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाने का गंभीर मामला होगा।

नदी किनारे चल रहा कारोबार, जिम्मेदार विभाग बेखबर?

डूल्हारा में नदी से सटे क्षेत्र में कथित तौर पर रात के समय कोयला निकालने की गतिविधियां चल रही हैं। सवाल यह है कि यदि रातोंरात जेसीबी और ट्रकों की आवाजाही हो रही है तथा एक दर्जन से अधिक मजदूर काम कर रहे हैं तो इसकी भनक स्थानीय पुलिस और खनिज विभाग तक क्यों नहीं पहुंच रही? क्या संबंधित विभागों का मैदानी अमला इस क्षेत्र का नियमित निरीक्षण नहीं कर रहा है या फिर कार्रवाई के अभाव में तस्करों के हौसले बुलंद हैं? रात के अंधेरे में लगातार ट्रकों से कोयला बाहर जा रहा है तो परिवहन के रास्ते में भी निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठना स्वाभाविक है।

पहले भी हो चुकी है संयुक्त कार्रवाई, फिर कैसे लौटे माफिया?

डूल्हारा में अवैध कोयला खनन का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी नदी किनारे अवैध उत्खनन की शिकायतों के बाद प्रशासन, राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम कार्रवाई कर चुकी है। उस समय कार्रवाई के बाद कुछ दिनों तक खनन गतिविधियां बंद होने की बात सामने आई थी, लेकिन अब एक बार फिर उसी तरह का कारोबार शुरू होने के आरोप लग रहे हैं।

ऐसे में पिछली कार्रवाई की प्रभावशीलता पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। यदि पहले कार्रवाई हुई थी तो संबंधित स्थल की निगरानी क्यों नहीं की गई? क्या कार्रवाई के बाद जिम्मेदार अधिकारियों ने यह मान लिया कि अवैध उत्खनन पूरी तरह बंद हो चुका है?

किसके संरक्षण में चल रहा काले कारोबार का खेल?

इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर किसके भरोसे अवैध कोयला कारोबार दोबारा शुरू हो गया है। रात के अंधेरे में मजदूरों की मौजूदगी, मशीनों का इस्तेमाल, ट्रकों से परिवहन और दूसरे क्षेत्रों में कोयले की खपत जैसी गतिविधियां बिना किसी नेटवर्क के संभव नहीं मानी जा सकतीं। ऐसे में पुलिस और खनिज विभाग को केवल मौके पर कार्रवाई तक सीमित रहने के बजाय कथित कारोबार से जुड़े लोगों, परिवहन व्यवस्था और कोयले के खरीदारों की भी जांच करनी चाहिए।

सांझवीर टाइम्स के पास उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर अब प्रशासन से अपेक्षा है कि डूल्हारा में चल रही कथित गतिविधियों की निष्पक्ष जांच कराई जाए। मौके का निरीक्षण कर अवैध उत्खनन की पुष्टि होने पर मशीनें और वाहन जब्त किए जाएं तथा दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई हो।

साथ ही यह भी स्पष्ट किया जाए कि पहले कार्रवाई के बावजूद उसी स्थान पर अवैध खनन दोबारा कैसे शुरू हो गया। वरना सवाल यही रहेगा कि कार्रवाई के बाद कुछ दिन की खामोशी और फिर रात के अंधेरे में वही पुराना काला कारोबार आखिर किसकी लापरवाही से फल-फूल रहा है?

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें

👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t

बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button