Betul Asptal News : जिला अस्पताल में स्टूवर्ड का चार्ज सहायक ग्रेड-3 कर्मचारी को
डेढ़ वर्ष बाद भी सिविल सर्जन ने स्थाई स्टूवर्ड को नहीं सौंपा प्रभार, नियम ताक पर

बैतूल। अंधा बांटे रेवड़ी, चीन-चीन कर दे की तर्ज पर जिला अस्पताल में सिविल सर्जन अपने चहेते और स्वजातीय सहायक ग्र्रेड-3 श्रेणी कमलेश सातनकर पर खूब स्नेह लूटाकर रखा है। इसका नतीजा यह है कि शासन के नियमों तक ताक पर रख दिया है। नियमानुसार सहायक ग्रेड-2 को स्टूवर्ड का जिम्मा सौंपा जाना था।
राज्य शासन ने करीब डेढ़ वर्ष पहले इटारसी अस्पताल से जिला अस्पताल बैतूल सहायक ग्रेड-2 दीपक भार्गव को जिला अस्पताल में स्टूवर्ड बनाकर तबादला किया था, लेकिन इसे सिविल सर्जन की हठधर्मिता कहें या फिर स्वजातीय बंधू के प्रति अपार स्नेह कि उन्हें अन्य जिम्मेदारियों के साथ स्टूवर्ड का प्रभार सौंप दिया गया है।
चौकाने वाली बात यह है कि सिविल सर्जन अपने चहेते कर्मचारी कमलेश सातनकर को अब भी यह जिम्मा सौंपा नहीं जाने का दावा कर रहा है, लेकिन पूरा अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि स्टूवर्ड की समस्त जिम्मेदारी इस समय सहायक ग्रेड -3 कमलेश सातनकर संभाल रहे हैं।
बताया जाता है कि राज्य शासन ने जिला अस्पताल में स्टूवर्ड के महत्वपूर्ण पद के लिए सहायक ग्रेड-2 को जिम्मा देना तय किया है, लेकिन बैतूल में ऐसा नहीं हो रहा है। सहायक ग्रेड -3 सातनकर के अलावा कुछ चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी इस जिम्मेदारी का निर्वाहन करते आ रहे हैं। जबकि राज्य शासन ने ही डेढ़ वर्ष पहले ही सहायक ग्रेड-2 दीपक भार्गव को जिला अस्पताल में स्टूवर्ड की जिम्मेदारी सौंपी थी। वे पूर्व में भी यहां स्टूवर्ड रह चुके हैं।
स्वजातीय होने का फायदा
जानकार सूत्र बताते हैं कि सिविल सर्जन डॉ जगदीश घोरे ने शासन के नियमों को दरकिनार कर स्वजातीय बंधू कमलेश सातनकर को सहायक ग्रेड-3 होने के बावजूद स्टूवर्ड जैसी प्रमुख जिम्मेदारी का प्रभार सौंप रखा है।
सूत्र बताते हैं कि लिखित में आदेश जारी नहीं करने की उनकी मंशा नियमों के कारण पूरी नहीं हो सकी। यदि वे लिखित आदेश जारी करते तो इस मामले में अधिकारी तुरंत कार्रवाई कर देते।
सूत्रों की माने तो इसी वजह डेढ़ वर्ष से स्थाई स्टूवर्ड होने के बावजूद सहायक ग्रेड-3 सातनकर को जिम्मेदारी मौखिक रूप से देकर काम कराया जा रहा है। दबी जुबान से पूरा अस्पताल स्टाफ इस बात का विरोध करते आ रहा है, लेकिन खुलकर बोलने से डर रहा है। चहेते और स्वजातीय कर्मचारी पर इस तरह की जिम्मेदारी देने से रोष भी व्याप्त है।
स्टूवर्ड से सिविल सर्जन का किनारा
सूत्र बताते हैं कि इटारसी से बैतूल जिला अस्पताल पदस्थ किए गए स्टूवर्ड और सहायक ग्रेड-2 दीपक भार्गव डेढ़ वर्ष से केवल औपचारिकता भर निभा रहे हैं। दरअसल उन्हें सिविल सर्जन द्वारा कार्यालय में बैठने हेतू निर्देशित किया है। स्टूवर्ड जैसा महत्वपूर्ण दायित्व उनके जूनियर कर्मचारी कमलेश सातनकर को दिए जाने से वरिष्ठता और कनिष्ठता के नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही है।
बताया जाता है कि जिस जिम्मेदारी और उद्देश्य से प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और स्थानीय विधायक हेमंत खंडेलवाल ने डॉ जगदीश घोरे को सिविल सर्जन का दायित्व सौंपा था, वे इस तरह स्वजातीय कर्मचारी को नियम के विरूद्ध जिम्मेदारी देकर अपनी जिम्मेदारी पर खरा नहीं उतर पाए हैं। इस मामले में टालमटोली जवाब देकर अवकाश पर होने का बहाना बनाते दिखाई दिए।
इनका कहना…
इस बारे में आपके माध्यम से जानकारी मिली है। यदि ऐसा हो रहा है तो सिविल सर्जन से चर्चा की जाएगी।डॉ सौरभ संजय सोनवणे, कलेक्टर बैतूल
जिला अस्पताल में स्टूवर्ड की कोई जरूरत नहीं है। हमारे यहां पर आउटसोर्स कर्मचारी है। इनसे काम लिया जा रहा है। कमलेश सातनकर से स्टूवर्ड का काम नहीं लिया जा रहा है।
डॉ जगदीश घोरे, सिविल सर्जन बैतूल




