Betul News: पांच दिन बाद नलों में आया मटमैला पानी, लोगों में बढ़ा आक्रोश

पीने योग्य नहीं पानी, कई वार्डों में पेयजल संकट बरकरार; निजी ट्यूबवेल और हैंडपंप बने सहारा
Betul News: बैतूल। शहर की पेयजल व्यवस्था लगातार लड़खड़ाई हुई है। पांच दिन के लंबे इंतजार के बाद जिन वार्डों में नलों से पानी की आपूर्ति हुई, वहां लोगों को साफ पानी के बजाय मटमैला और गंदला पानी मिला। पानी की गुणवत्ता को लेकर लोगों में नाराजगी बढ़ गई है। नागरिकों का कहना है कि जो पानी नलों में आ रहा है, वह पीने योग्य नहीं है और इससे स्वास्थ्य संबंधी खतरा भी पैदा हो सकता है।

नगर पालिका ने हाल ही में ताप्ती बैराज पर दूसरी मोटर स्थापित कर जलापूर्ति व्यवस्था में सुधार का प्रयास किया है। इसके बाद शहर के कुछ हिस्सों में पानी की सप्लाई शुरू तो हुई, लेकिन लगातार हो रही बारिश के कारण जलस्रोतों में गंदला पानी आने से अधिकांश वार्डों में मटमैले पानी की शिकायतें सामने आई हैं। कई स्थानों पर पानी का रंग पूरी तरह बदला हुआ था, जिससे लोगों ने इसका उपयोग पीने के बजाय केवल अन्य घरेलू कार्यों तक सीमित रखा।
शहर के कई वार्डों में अभी भी नियमित जलापूर्ति बहाल नहीं हो सकी है। पांच दिन तक नल नहीं आने से लोग पहले ही परेशान थे, ऊपर से गंदला पानी मिलने से उनकी मुश्किलें और बढ़ गई हैं। कई परिवारों को पीने के पानी के लिए निजी ट्यूबवेल, हैंडपंप और अन्य वैकल्पिक स्रोतों पर निर्भर रहना पड़ रहा है। इससे सुबह और शाम इन जलस्रोतों पर लोगों की भीड़ भी बढ़ गई है।
नागरिकों ने नगर पालिका से पेयजल की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने और जलापूर्ति से पहले पानी के उचित शोधन की मांग की है। लोगों का कहना है कि बारिश के मौसम में दूषित पानी की आपूर्ति से जलजनित बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है, इसलिए प्रशासन को इस मामले में गंभीरता से कदम उठाने चाहिए।
इधर, नगर पालिका अधिकारियों का कहना है कि माचना एनीकट में पर्याप्त पानी पहुंचने लगा है। यदि जलस्तर इसी तरह बना रहा तो आने वाले कुछ दिनों में ताप्ती बैराज के सहयोग से शहर में दो दिन के अंतराल पर नियमित पेयजल आपूर्ति शुरू करने की योजना है। इससे शहरवासियों को वर्तमान पेयजल संकट से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




