Betul Today News :ओएचई केबल टूटने से मेमू दो घंटे परासिया में खड़ी रही, पातालकोट एक्सप्रेस पांच घंटे लेट

छिंदवाड़ा स्टेशन पर तकनीकी खराबी से आमला-छिंदवाड़ा रूट की ट्रेनें प्रभावित, त्यौहारी सीजन में यात्री परेशानी

आमला। आमला-छिंदवाड़ा-सिवनी रेल मार्ग पर ट्रेनों की लेटलतीफी से यात्रियों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। बुधवार को छिंदवाड़ा रेलवे स्टेशन पर ओएचई केबल टूटने से रेल यातायात प्रभावित हो गया। इसके चलते आमला-छिंदवाड़ा के बीच चलने वाली मेमू पैसेंजर सहित अन्य ट्रेनें भी प्रभावित हुईं। दोपहर 12 बजे आमला पहुंचने वाली मेमू ट्रेन शाम करीब 4 बजे पहुंची। वहीं परासिया रेलवे स्टेशन पर मेमू ट्रेन करीब दो घंटे तक खड़ी रही। पातालकोट एक्सप्रेस भी लगभग पांच घंटे की देरी से पहुंची।

ट्रेनों की इस अव्यवस्था के कारण नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों और रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। यात्रियों का कहना है कि आमला-छिंदवाड़ा-सिवनी रेल मार्ग पर मेमू ट्रेन पहले से ही निर्धारित समय पर नहीं चल रही है। आए दिन होने वाली देरी से यात्रियों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है।

शिकायतों के बाद भी नहीं हुआ स्थायी समाधान

ट्रेनों की लेटलतीफी को लेकर सामाजिक संगठनों द्वारा कई बार सांसदों और विधायकों को आवेदन देकर समय-सारणी का पालन कराने की मांग की जा चुकी है, लेकिन यात्रियों के अनुसार अब तक कोई ठोस सुधार नहीं हुआ है। बुधवार को ओएचई केबल टूटने की घटना ने परेशानी और बढ़ा दी। यात्रियों का कहना है कि ट्रेनें घंटों देरी से चलने के कारण जरूरी काम, नौकरी और पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

यात्रियों ने रेलवे अधिकारियों से तकनीकी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने और मेमू सहित अन्य ट्रेनों का संचालन निर्धारित समय पर सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका सवाल है कि आखिर रेलवे की समय-सारणी का पालन कब होगा और यात्रियों को इस रोजमर्रा की परेशानी से कब राहत मिलेगी।

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button