Betul Samachar: हर्षोल्लास के साथ मनाया मध्यप्रदेश स्थापना दिवस, विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा बैतूल

विधायक हेमंत खंडेलवाल बोले- नगर से महानगर की ओर बढ़ रहा बैतूल, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, उद्योग और पर्यटन के क्षेत्र में होंगे बड़े बदलाव

Betul Samachar: बैतूल। मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार को जेएच कॉलेज में जिला स्तरीय समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि मध्यप्रदेश अपनी विविध संस्कृति, समृद्ध परंपराओं और प्राकृतिक संपदा के साथ विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है।

बीते वर्षों में प्रदेश ने सड़क, बिजली, सिंचाई, उद्योग, पर्यटन और अधोसंरचना के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। इसी विकास यात्रा में बैतूल भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि बैतूल अब नगर से महानगर की ओर बढ़ रहा है। आने वाले समय में जिले की तस्वीर विकास के नए आयामों के साथ बदली हुई नजर आएगी।

समारोह में विधायक डॉ. योगेश विधायक डॉ योगेश पंडाग्रे, विधायक घोड़ाडोंगरी गंगाबाई उईके, जिला विकास सलाहकार समिति सदस्य सुधाकर पवार, जितेंद्र कपूर , जनपद अध्यक्ष आमला, नगर पालिका अध्यक्ष पार्वती बाई बारस्कर, कलेक्टर डॉ सौरभ संजय सोनवणे, सीईओ जिला पंचायत गणेश जायसवाल , अपर कलेक्टर गोपाल सिंह वर्मा सहित सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान अतिथियों ने परिसर में लगाई गई विकास एवं विभागीय योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।

सड़क कनेक्टिविटी से मजबूत होगी जिले की अर्थव्यवस्था

विधायक खंडेलवाल ने कहा कि एक समय था जब बैतूल जिले के अनेक गांव बारिश के दिनों में मुख्यालय से कट जाते थे, लेकिन प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क अधोसंरचना का तेजी से विस्तार हुआ है। इससे दूरस्थ क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बेहतर हुई है।

बैतूल से भोपाल, नागपुर सहित अन्य प्रमुख शहरों तक आवागमन की सुविधाएं मजबूत हुई हैं। आने वाले समय में बैतूल-अमरावती मार्ग को समृद्धि महामार्ग से जोड़ने और अन्य फोरलेन परियोजनाओं से जिले की कनेक्टिविटी को नई मजबूती मिलेगी।

1000 एकड़ से अधिक का लैंड बैंक तैयार करने की पहल

औद्योगिक विकास पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि बैतूल में उद्योगों की स्थापना के लिए पर्याप्त भूमि उपलब्ध कराना एक बड़ी चुनौती रही है। जिले का बड़ा भू-भाग वन क्षेत्र में आता है। इस समस्या के समाधान के लिए अनुपयोगी और खाली भूमि के संबंध में भूमि अदला-बदली की संभावनाओं पर काम किया जा रहा है।

प्रयास है कि जिले में 1000 एकड़ से अधिक का लैंड बैंक तैयार किया जाए, जिससे नए उद्योगों की स्थापना का रास्ता खुलेगा और स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे।

फुटबॉल और क्रिकेट स्टेडियम से बढ़ेंगी खेल सुविधाएं

खंडेलवाल ने कहा कि बैतूल के युवाओं में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जिले में क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, टेबल टेनिस और स्विमिंग सहित विभिन्न खेलों के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित करने की तैयारी है। फुटबॉल और क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण से खिलाड़ियों को बेहतर अवसर मिलेंगे। उद्देश्य है कि जिले के खिलाड़ियों को राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए बड़े शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़े।

कुकरू सहित पर्यटन स्थलों को मिलेगी नई पहचान

उन्होंने कहा कि खेड़ला किला, मुलताई स्थित ताप्ती उद्गम स्थल, सतपुड़ा क्षेत्र और कुकरू जिले की प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक विरासत के महत्वपूर्ण केंद्र हैं। कुकरू को प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों के रूप में विकसित करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। ताप्ती कंजर्वेशन रिजर्व और बैतूल में बटरफ्लाई पार्क जैसी योजनाओं से जैव विविधता एवं वन्यजीव संरक्षण को बढ़ावा मिलने के साथ पर्यटन गतिविधियों का भी विस्तार होगा। इससे स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे।

आधुनिक ऑडिटोरियम से कलाकारों को मिलेगा मंच

विधायक ने कहा कि बैतूल में बड़े सांस्कृतिक आयोजनों के लिए आधुनिक ऑडिटोरियम की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही है। आने वाले समय में यहां आधुनिक ऑडिटोरियम का निर्माण कराया जाएगा। इससे राष्ट्रीय स्तर के कलाकारों के कार्यक्रम आयोजित हो सकेंगे और स्थानीय कलाकारों को भी अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध होगा।

भारत के केंद्र बिंदु क्षेत्र का होगा विकास

उन्होंने बरसाली के समीप स्थित भारत के केंद्र बिंदु के रूप में पहचान रखने वाले क्षेत्र के विकास की योजना का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र को पर्यटन और ऐतिहासिक दृष्टि से विकसित कर बैतूल की विशिष्ट पहचान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सामने लाने के प्रयास किए जाएंगे।

खंडेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है। बैतूल में भी सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, सिंचाई, बिजली, उद्योग, खेल, संस्कृति और पर्यटन के क्षेत्र में विकास कार्यों को गति दी जाएगी। आने वाले समय में बैतूल एक आधुनिक, विकसित और सुविधायुक्त शहर के रूप में अपनी नई पहचान बनाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयासों से बैतूल की विकास यात्रा को नई दिशा मिलेगी।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें

👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t

बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button