Vidyasagar Colony: विद्यासागर कॉलोनी में सरकारी जमीन पर ड्रेनेज निर्माण का आरोप

सीमांकन नहीं, नोटिस नहीं और निर्माण रोकने के निर्देश तक नहीं
Vidyasagar Colony: बैतूल। टिकारी के प्रताप वार्ड स्थित विद्यासागर कॉलोनी में सरकारी जमीन पर कथित तौर पर बिना अनुमति ड्रेनेज निर्माण का मामला अब अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है। कोसमी जोड़ से टिकारी को जोड़ने वाले करीब 45 फीट चौड़े गोहा रास्ते पर अतिक्रमण के आरोप खुद वार्ड पार्षद एवं पूर्व नपा उपाध्यक्ष के हैं। लेकिन शिकायत के बावजूद प्रशासनिक कार्रवाई निरीक्षण तक सीमित नजर आ रही है। हालात यही रहे तो प्रस्तावित 45 फीट का रास्ता महज 20 फीट में सिमटने और सड़क की चौड़ाई घटकर 10 फीट तक रह जाने की आशंका जताई जा रही है।
वार्ड पार्षद रजनी वर्मा ने मामले की शिकायत नगर पालिका सीएमओ, कलेक्टर और विधायक से की है। पार्षद के मुताबिक शिकायत किए करीब एक सप्ताह बीत चुका है, लेकिन अब तक न तो ड्रेनेज निर्माण रोकने के निर्देश दिए गए और न ही कॉलोनाइजर को तलब कर जवाब मांगा गया। सरकारी जमीन पर निर्माण के आरोपों के बावजूद सीमांकन नहीं होना प्रशासन की गंभीर उदासीनता को दर्शाता है।

45 फीट के रास्ते पर जिम्मेदारी किसकी?
पार्षद रजनी वर्मा का आरोप है कि नगर पालिका के राजस्व निरीक्षक और पटवारी अब तक जमीन का सीमांकन नहीं करा पाए हैं। सवाल यह है कि जब रास्ते की वास्तविक चौड़ाई और सरकारी जमीन की स्थिति स्पष्ट करना जरूरी है, तो कार्रवाई में देरी क्यों हो रही है? क्या सीमांकन और नोटिस जारी करने के लिए भी किसी बड़े अधिकारी के निर्देशों का इंतजार किया जा रहा है?

अधिकारी बोले, अब होगी कार्रवाई
एसडीएम अभिजीत सिंह ने कहा कि मामला नगरीय क्षेत्र का है और उनके अधिकार क्षेत्र में नहीं आता। शिकायत तहसीलदार के पास की जा सकती है। तहसीलदार पूनम साहू ने कहा कि उन्हें अभी शिकायत नहीं मिली है, शिकायत मिलने पर विधिवत कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, नगर पालिका के राजस्व निरीक्षक बृजगोपाल परते ने बताया कि पटवारी के साथ मौके पर जाकर सीमांकन कराया जाएगा और रिपोर्ट सौंपी जाएगी। अब देखना यह है कि प्रशासन का अगला कदम वास्तव में सीमांकन और नियमानुसार कार्रवाई होगा या मामला निरीक्षण और आश्वासनों के बीच ही उलझा रहेगा।




