Betul Durga Visarjan : दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के लिए नगर पालिका ने कसी कमर

बैतूल में 12 से अधिक स्थानों पर तैनात रहेंगे अधिकारी-कर्मचारी, क्रेन से लेकर सफाई और रोशनी तक के इंतजाम

Betul Durga Visarjan : बैतूल। दशहरा पर्व और मां दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान व्यवस्थाएं बनाए रखने के लिए नगर पालिका परिषद बैतूल ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। विसर्जन स्थलों पर सुरक्षा, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, क्रेन और वाहनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित की गई है। व्यवस्थाओं के लिए कर्मचारियों को अलग-अलग पालियों में तैनात किया जाएगा। उन्हें विसर्जन का कार्य समाप्त होने तक अपने निर्धारित स्थलों पर मुस्तैद रहने के निर्देश दिए गए हैं।

सीएमओ नवनीत पांडेय द्वारा जारी आदेश के अनुसार, उपयंत्री नागेन्द्र वागद्रे को नोड्ल अधिकारी बनाया है। उनके निर्देशन में स्टेडियम ग्राउंड, लल्ली चौक, सदर बैल बाजार, करबला घाट, नागपुर नाका, सीता कुंड हमलापुर और फिल्टर प्लांट सहित विभिन्न स्थानों पर व्यवस्थाएं संभाली जाएंगी। इन स्थलों पर अधिकारियों के साथ सफाईकर्मी, लाइनमैन, वाहन चालक और अन्य कर्मचारियों की ड्यूटी भी लगाई गई है।

तीन पालियों में संभाली जाएगी जिम्मेदारी

विसर्जन स्थलों पर कर्मचारियों की ड्यूटी दोपहर 12 बजे से रात 9 बजे तक, रात 9 बजे से सुबह 6 बजे तक और सुबह 6 बजे से दोपहर 12 बजे तक की पालियों में निर्धारित की गई है। जरूरत पड़ने पर 20 के अलावा 22 अक्टूबर को भी कर्मचारियों को ड्यूटी करनी होगी। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि संबंधित कर्मचारी अपने रिलीवर के पहुंचने से पहले कार्यस्थल नहीं छोड़ेंगे।

क्रेन, पानी और रोशनी पर विशेष जोर

दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए नागपुर नाका, करबला घाट और सीता कुंड हमलापुर में हाइड्रा क्रेन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। विसर्जन स्थलों पर स्वच्छ पानी के टैंकर खड़े किए जाएंगे। वहीं, स्टेडियम, सदर बाजार, लल्ली चौक और अन्य प्रमुख स्थानों पर प्रकाश व्यवस्था के साथ साफ-सफाई की जिम्मेदारी भी तय की गई है।

कंट्रोल रूम से होगी निगरानी

नगर पालिका के कंट्रोल रूम से वाहनों, सफाई व्यवस्था और आवारा मवेशियों पर नियंत्रण संबंधी कार्यों की निगरानी की जाएगी। स्वच्छता निरीक्षक संतोष धनेलिया को सफाई व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि विद्युत प्रभारी अमित सक्सेना प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे। सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को व्यवस्थाओं की जानकारी नोडल अधिकारी को देने के निर्देश दिए गए हैं। नगर पालिका की इस व्यवस्था का उद्देश्य दशहरा और दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं को सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा विसर्जन स्थलों पर व्यवस्थित इंतजाम सुनिश्चित करना है।

इनका कहना….
दशहरे और आगामी पर्वो को दृष्टिगत रखते हुए अधिकारियों की बैठक ली गई थी, विस्तृत कार्ययोजना के अनुसार व्यवस्थाएं और जिम्मेदारी संभालने के लिए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है।
नवनीत पांडेय, सीएमओ नपा बैतूल

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button