Betul News: आरटीओ चेकपोस्ट ससुंद्रा पर खुलेआम लूट

Betul News: Open robbery at RTO check post Sasundra

वाहन चालकों से कई गुणा वसूल रहे जुर्माना, नए आदेश का हवाला

Betul News: बैतूल। पहले राज्य सरकार ने शिकायतें मिलने के बाद प्रदेश के दर्जनों चेकपोस्ट बंद करने का फरमान जारी कर दिया। जब राजस्व के नुकसान का गणित सामने आया तो कुछ जिले के चेकपोस्ट पर बेरियर लगाकर वाहनों की चेकिंग करने के आदेश अगले ही माह जारी हो गए। इस आदेश में ससुंद्रा और गुदगांव चेकपोस्ट का नाम भी था। लिहाजा शासन से आदेश मिलने के बाद दोनों ही चेकपोस्टों पर वाहनों की चेकिंग शुरू हो गई है, लेकिन बदले आदेश में नियम क्या है, यह तो पता नहीं। चेकपोस्ट पर कर्मचारी वाहन चालकों से अनाप-शनाप जुर्माना वसूल रहे हैं।

 सूत्रों ने बताया कि ससुंद्रा चेकपोस्ट पर तो पिछले कई दिनों से वाहनों की चेकिंग के नाम पर तगड़ा जुर्माना वसूल किया जा रहा है। सूत्रों ने बताया कि नियम अनुसार ओवरलोड वाहनों और नियम का पालन न करने वालों की अस्थाई नाके पर निरीक्षण की औपचारिकता निभाना है, लेकिन ससुंद्रा चेकपोस्ट पर छोटे से लेकर बड़े वाहनों की चेकिंग की जा रही है। इससे पहली समस्या तो यह हो रही है कि कतार में लगकर वाहन चालकों को अपना नंबर आने का इंतजार करना पड़ता है। चेकपोस्ट पर पदस्थ कर्मचारी एक-एक वाहनों के दस्तावेजों की जांच करते हैं, इसके बाद वाहन आगे की ओर बढ़ते हैं। इससे काफी लंबा समय लग रहा है।

छोटी-छोटी बातों पर निकाल रहे मीनमेख

वाहन चालकों ने नाम न प्रकाशित करने की शर्त पर बताया कि ससुंद्र चेकपोस्ट पर कर्मचारियों द्वारा समस्त दस्तावेज दिखाने के बावजूद कोई न कोई कमियां बताकर जुर्माना वसूल किया जा रहा है। सबसे पहले कर्मचारी यहां पर दस्तावेजों का निरीक्षण करते हैं। दस्तावेज पूरे होने के बावजूद वाहनों का निरीक्षण किया जाता है। वाहन चालकों ने बताया कि वाहनों में नियम के अनुसार माल भरा होने के बावजूद मीनमेख निकाल जुर्माने के लिए बाध्य किया जाता है। विरोध करने पर चेतावनी दी जाती है कि दस गुना अधिक जुर्माना वसूल किया जाएगा।

गाइड लाइन को लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं

ससुंद्रा-गुदगांव चेकपोस्ट परिवहन विभाग के बदले हुए नियमों का भी पालन नहीं किया जा रहा है। संशोधित नियमों के अनुसार ओवरलोड वाहनों पर 500 रुपए से लेकर अधिकतम 2-3 हजार रुपए तक जुर्माना लगाए जाने का प्रावधान है, लेकिन कई वाहन चालकों ने बताया कि ओवरलोड वाहनों के बहाने सीधे दस हजार का जुर्माना लगाया जा रहा है। कई वाहन चालक तो ऐसे भी है,जिन्होंने जुर्माना दे भी दिया, लेकिन उन्हें दी जाने वाली रसीद कम राशि की दी गई। हालांकि व्यापारी होने और बेरियर से हमेशा आने जाने के कारण उन्होंने इस बात की शिकायत नहीं की। इसी वजह ससुंद्रा के अलावा गुदगांव चेकपोस्ट पर वाहन चालकों से नियम के विरूद्ध जुर्माना वसूल करने के मामले लगातार बढ़ रहे हैं।

इनका कहना…

शासन ने जुर्माने की गाइड लाइन में बदलाव किया है। नियम के अनुसार ही ओवरलोड वाहनों से जुर्माना वसूल किया जा रहा है।

हिमांशु जैन, चेक पोस्ट प्रभारी, ससुंद्रा-गुदगांव

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button