SVAMITVA Scheme: स्वामित्व योजना में कानूनी संरक्षण की मांग पर बनी सहमत

जिले के 450 पटवारियों की हड़ताल खत्म होने के आसार, 8 निलंबित पटवारियों को भी राहत मिलने की उम्मीद
SVAMITVA Scheme: बैतूल। स्वामित्व योजना को लेकर शासन और पटवारियों के बीच जारी टकराव अब खत्म होने की ओर बढ़ता नजर आ रहा है। अपनी मांगों को लेकर आर-पार की लड़ाई लड़ रहे पटवारियों को मुख्यमंत्री से कानूनी संरक्षण का भरोसा मिलने के बाद जिला पटवारी संघ ने सोमवार से काम पर लौटने का ऐलान किया है।
इससे जिले की तहसीलों में ठप पड़े राजस्व संबंधी कामकाज को गति मिलने की उम्मीद है। वहीं, कार्रवाई की जद में आए आठ निलंबित पटवारियों को भी राहत मिलने के संकेत मिले हैं।
जिला पटवारी संघ के अध्यक्ष मोहन धुर्वे के मुताबिक, स्वामित्व योजना में काम करने के दौरान पटवारियों को कानूनी संरक्षण दिए जाने की मांग को लेकर प्रांतीय पदाधिकारियों ने चरणबद्ध तरीके से शासन के वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा की। इस दौरान मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव के साथ भी सीधे वार्ता हुई।
बातचीत में स्वामित्व योजना के कार्यों के दौरान पटवारियों को कानूनी संरक्षण देने पर सहमति बनी है। शासन से मिले इस भरोसे के बाद पटवारी संघ ने आंदोलन समाप्त कर सोमवार से नियमित कामकाज शुरू करने का निर्णय लिया है।
आठ निलंबित पटवारियों को भी मिल सकती है राहत
जिले की विभिन्न तहसीलों में पदस्थ करीब 450 पटवारियों के काम पर लौटने से राजस्व विभाग के लंबित कार्यों के निपटारे की उम्मीद है। इधर, स्वामित्व योजना को लेकर जारी आंदोलन के बीच जिन आठ पटवारियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई थी, उनके मामले में भी राहत मिलने की संभावना जताई जा रही है। जिला पटवारी संघ के अनुसार, निलंबन आदेश निरस्त किए जाने की उम्मीद है।
टकराव के बाद सहमति से निकला रास्ता
स्वामित्व योजना में काम करने के दौरान कानूनी सुरक्षा की मांग को लेकर पटवारी लगातार अपनी आवाज उठा रहे थे। अब मुख्यमंत्री स्तर पर मिले आश्वासन के बाद आंदोलन से पीछे हटने का निर्णय लिया गया है। हालांकि, निलंबन आदेशों की वापसी और कानूनी संरक्षण के संबंध में शासन के औपचारिक आदेश जारी होने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी। फिलहाल सोमवार से पटवारियों के काम पर लौटने की घोषणा ने प्रशासन और आम लोगों को राहत की उम्मीद दी है।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




