Fever ka Kahar: फीवर का कहर: जिला अस्पताल की ओपीडी 800 पार

मौसम बदलने से बढ़ी मरीजों की संख्या, अगले 15 दिन बच्चों की सेहत को लेकर रहें सतर्क
Fever ka Kahar: : बैतूल। बारिश थमने के बाद मौसम में आए अचानक बदलाव का असर अब लोगों की सेहत पर दिखाई देने लगा है। सर्दी, खांसी, बुखार और बदन दर्द जैसी शिकायतों के साथ मरीज बड़ी संख्या में अस्पतालों का रुख कर रहे हैं। जिला अस्पताल में पिछले करीब 10 दिनों से मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा देखा जा रहा है। रोजाना ओपीडी 700 से 800 तक पहुंच रही है। इनमें बड़ी संख्या बच्चों की भी है।
डॉक्टरों के मुताबिक बदलते मौसम का सबसे अधिक असर दो से 10 वर्ष तक की उम्र के बच्चों पर देखने को मिल रहा है। वायरल फीवर के साथ बच्चों में सर्दी-खांसी, हल्का या तेज बुखार और बदन दर्द जैसे लक्षण सामने आ रहे हैं। हालांकि राहत की बात यह है कि फिलहाल सामने आ रहे अधिकांश मामले गंभीर नहीं हैं।
गंभीर स्थिति वाले मरीजों को अस्पताल में भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है, जबकि सामान्य लक्षण वाले मरीजों को जांच के बाद अस्पताल से ही नि:शुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई जा रही हैं।
बच्चों को लेकर विशेष सावधानी जरूरी
सिविल सर्जन डॉ. जगदीश घोरे के अनुसार मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव के कारण ओपीडी में मरीजों की संख्या बढ़ी है। उन्होंने बताया कि अगले करीब 15 दिनों तक मौसम परिवर्तन का असर बना रह सकता है। ऐसे में अभिभावकों को बच्चों की सेहत पर विशेष नजर रखने की जरूरत है।
डॉक्टरों ने बच्चों को ठंडे-गर्म वातावरण के अचानक संपर्क में आने से बचाने, पर्याप्त पानी पिलाने और पौष्टिक भोजन देने की सलाह दी है। बुखार या अन्य लक्षण दिखाई देने पर बिना चिकित्सकीय सलाह के दवा देने के बजाय डॉक्टर से जांच कराने की अपील की गई है। मौसम में ठंडक बढ़ने के साथ वायरल संक्रमण का प्रकोप भी धीरे-धीरे कम होने की उम्मीद है।
इनका कहना…..
मौसम में बदलाव की वजह से अस्पताल में मरीजों की संख्या बढ़ गई है। गम्भीर मरीजों को भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है। अस्पताल से मरीजों को मुफ्त दवाइयां दी जा रही हैं।
डॉ जगदीश घोरे, सिविल सर्जन जिला अस्पताल बैतूल




