Betul Me Vikas: विकास के अड़ंगों पर विधायक की सीधी नजर, हर शुक्रवार वार्डों में होगा ‘फील्ड टेस्ट’
अजय वर्मा की एंट्री के बाद विधायक का वार्ड प्लान, नपा में बढ़ी हलचल

Betul Me Vikas: बैतूल। शहर के विकास कार्यों को गति देने और वार्डों की समस्याओं का मौके पर निराकरण कराने की दिशा में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल ने अब खुद मोर्चा संभाल लिया है। सोमवार शाम नगरपालिका के अधिकारियों, एल्डरमेन और पार्षदों की बैठक लेकर विधायक ने शहर विकास को लेकर आगामी कार्ययोजना तय की।
बैठक में निर्णय लिया गया कि अब हर शुक्रवार विधायक अलग-अलग वार्डों का भ्रमण करेंगे और सीधे वार्डवासियों से संवाद कर उनकी समस्याएं जानेंगे। इधर अचानक अपने विश्वास पात्र अजय वर्मा को नपा में विधायक प्रतिनिधि बनाए जाने को लेकर चर्चा है कि उन्हें ही क्यों प्रतिनिधि बनाया गया।
शहर में विकास कार्यो में आ रहे अड़ंगे के बाद ही अजय वर्मा की नियुक्ति की खूब चर्चा हो रही है।
शिकायतों के बीच विधायक का वार्डों में उतरना देगा नई दिशा
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कई पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों में विकास कार्यों और मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के समय पर निराकरण नहीं होने की बात विधायक के समक्ष रखी थी। इसके बाद ही विधायक हेमन्त खण्डेलवाल ने नपा के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ वार्ड स्तर पर जाकर वास्तविक स्थिति देखने का निर्णय लिया है।
भ्रमण के दौरान सड़क, नाली, पेयजल, सफाई, प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य स्थानीय समस्याओं की जानकारी ली जाएगी और संबंधित अधिकारियों को मौके पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।

अजय वर्मा की नियुक्ति ने बढ़ाई राजनीतिक हलचल
इधर नगरपालिका में विधायक के सबसे विश्वस्त माने जाने वाले अजय वर्मा को विधायक प्रतिनिधि बनाए जाने के बाद राजनीतिक हलकों में भी चर्चाएं तेज हो गई हैं। नियुक्ति को लेकर सवाल उठ रहे हैं कि आखिर विधायक को नगरपालिका में अपने करीबी को प्रतिनिधि बनाने की जरूरत क्यों महसूस हुई? क्या पार्षदों की शिकायतों और विकास कार्यों में आ रही अड़चनों के बीच यह नियुक्ति की गई है या नगरपालिका की कार्यप्रणाली पर प्रभावी निगरानी के लिए यह जिम्मेदारी सौंपी गई है?
हर शुक्रवार देखेंगे विकास का ‘फील्ड टेस्ट’
विधायक के वार्ड भ्रमण के निर्णय के बाद अब नगरपालिका का अमला भी तैयारियों में जुट गया है। भ्रमण में नपा के अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। ऐसे में वार्डों की जमीनी हकीकत सीधे विधायक के सामने होगी। माना जा रहा है कि इस पहल से लंबे समय से लंबित शिकायतों और विकास कार्यों को लेकर जवाबदेही बढ़ सकती है। अब देखना यह होगा कि शुक्रवार का भ्रमण वास्तव में शहर के विकास कार्यों की रफ्तार बदलने का माध्यम बनता है या नहीं।
इनका कहना…..
विधायक से मिले निर्देशों के अनुसार प्रति शुक्रवार वार्ड भ्रमण की तैयारी शुरू कर दी गई है। आम नागरिकों की संस्याओं का त्वरित निराकरण किया जा सके इसके लिए अधीनस्थ अधिकारियों को भी निर्देशित किया गया है।
नवनीत पांडेय, सीएमओ नपा बैतूल




