Betul Samachar: विधायक के निर्देशों पर अमल नहीं, नई मर्च्युअरी का काम ठंडे बस्ते में

पुरानी मर्च्युअरी जर्जर होने से हो रही परेशानी, बारिश में टपकती है छत, नया फ्रीजर खरीदने के निर्देश भी लंबित
Betul Samachar: बैतूल। जिला अस्पताल परिसर स्थित मर्च्युअरी (पोस्टमार्टम भवन) लंबे समय से जर्जर हालत में है। भवन की हालत ऐसी है कि यहां पोस्टमार्टम करने वाले कर्मचारियों के साथ परिजनों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। बारिश के दौरान छत से पानी टपकने के साथ ही खिड़कियां और दरवाजे भी टूटे हुए हैं। इसके बावजूद नई मर्च्युअरी के निर्माण और पुराने भवन की मरम्मत को लेकर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है।
करीब तीन-चार महीने पहले बैतूल विधायक हेमंत खण्डेलवाल एक सड़क हादसे में मृतक के परिजनों से मिलने जिला अस्पताल पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने मर्च्युअरी भवन की स्थिति देखी थी। भवन की जर्जर हालत सामने आने पर उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और अस्पताल प्रशासन को नई मर्च्युअरी बनाने के निर्देश दिए थे।
इसके साथ ही शवों को सुरक्षित रखने के लिए नया और बड़ा फ्रीजर खरीदने के लिए भी कहा गया था। हालांकि, इन निर्देशों के बाद भी दोनों काम आगे नहीं बढ़ सके हैं।
जिला अस्पताल की मर्च्युअरी में प्रतिदिन पोस्टमार्टम किए जाते हैं। ऐसे में भवन की खराब स्थिति को लेकर लंबे समय से सवाल उठ रहे हैं। बारिश के दिनों में छत से पानी टपकने और भवन के पुराने होने से व्यवस्थाएं प्रभावित होती हैं। खिड़की-दरवाजों की स्थिति भी ठीक नहीं है। मर्च्युअरी जैसी संवेदनशील जगह पर जरूरी सुविधाओं का अभाव अस्पताल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।
वर्षों से उठ रही नई भवन की मांग
नई मर्च्युअरी भवन बनाने की मांग कई वर्षों से उठती रही है। हर बार बजट की कमी के कारण मामला आगे नहीं बढ़ सका। वर्तमान में न तो पुराने भवन की आवश्यक मरम्मत कराई जा रही है और न ही नए भवन के निर्माण की प्रक्रिया शुरू हुई है।
विधायक के निर्देश के बाद उम्मीद जगी थी कि अब इस समस्या का स्थायी समाधान होगा, लेकिन कई महीने बीतने के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है। अब स्वास्थ्य विभाग और अस्पताल प्रशासन की ओर से नई मर्च्युअरी और बड़े फ्रीजर को लेकर कार्रवाई का इंतजार है। नया मर्च्युअरी भवन को लेकर चर्चा करने के लिए सिविल सर्जन डॉ जगदीश घोरे से संपर्क किया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




