Betul Ganpati Visarjan : गणपति विसर्जन से पहले प्रशासन अलर्ट, घाटों पर होगी चौकसी

माचना पुल से हमलापुर तक अफसरों ने परखी व्यवस्थाएं, रोशनी के साथ गोताखोर और पुलिस बल रहेगा तैनात

Betul Ganpati Visarjan :बैतूल। गणेश उत्सव अपने अंतिम पड़ाव की ओर बढ़ रहा है और प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर अब प्रशासन भी पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। विसर्जन में भले ही अभी करीब सप्ताहभर का समय बाकी है, लेकिन श्रद्धालुओं की सुरक्षा और घाटों पर बेहतर व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। कलेक्टर के निर्देश पर अधिकारियों की टीम ने शहर के प्रमुख विसर्जन स्थलों का निरीक्षण कर जमीनी स्थिति देखी।

एसडीएम अभिजीत सिंह, एसडीओपी अन्नपूर्णा सिरसाम, नगर पालिका सीएमओ नवनीत पांडेय, कोतवाली टीआई देवकरण डेहरिया सहित संबंधित अमले ने शहर के माचना पुल, फिल्टर प्लांट और हमलापुर स्थित विसर्जन घाटों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने घाटों की स्थिति, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा से जुड़े इंतजामों को लेकर जानकारी ली।

अंधेरे में नहीं होगा विसर्जन, घाट जगमगाएंगे

विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं को पर्याप्त रोशनी मिल सके, इसके लिए घाटों पर प्रकाश व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा। सीएमओ नवनीत पांडेय ने बताया कि घाटों की साफ-सफाई के लिए कर्मचारियों को निर्देश दिए जाएंगे। वहीं जरूरत के अनुसार घाटों और आसपास के क्षेत्रों में हेलोजन लाइट सहित पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था की जाएगी।

पानी में सुरक्षा की जिम्मेदारी गोताखोरों की

विसर्जन के दौरान सबसे महत्वपूर्ण सुरक्षा व्यवस्था जल क्षेत्र में रहेगी। इसके लिए घाटों पर प्रशिक्षित गोताखोरों की तैनाती की जाएगी। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल भी पर्याप्त संख्या में मौजूद रहेगा। प्रशासन और पुलिस की निगरानी में विसर्जन प्रक्रिया संपन्न कराने की तैयारी है।

निरीक्षण रिपोर्ट के बाद तय होंगी व्यवस्थाएं

सीएमओ ने बताया कि तीनों विसर्जन स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं से संबंधित रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को दी जाएगी। उच्च अधिकारियों से प्राप्त निर्देशों के आधार पर घाटों पर अन्य आवश्यक इंतजाम किए जाएंगे। प्रशासन का प्रयास है कि गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो और श्रद्धा के साथ सुरक्षा भी सुनिश्चित की जा सके।

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button