Betul Suicide News: मां ने 15 माह की मासूम बेटी के साथ लगाई आग

इलाज के दौरान दोनों की मौत
Betul Suicide News: मुलताई। मुलताई थाना क्षेत्र के ग्राम वलनी सवासन में दर्दनाक घटना सामने आई है। 26 वर्षीय विवाहित महिला संजना कपिल रूरपुरे ने अपनी 15 माह की मासूम बेटी हितिका के साथ आग लगाकर खुद को झुलसा लिया।
गंभीर हालत में दोनों को पाढर स्थित बर्न वार्ड में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान मां-बेटी दोनों की मौत हो गई। थाना प्रभारी विकास पटेल ने मृतकों की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतिका संजना ग्राम हिडली निवासी राजू साहू की पुत्री थी। करीब तीन वर्ष पहले उसका विवाह वलनी निवासी कपिल रूरपुरे से हुआ था। घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतिका के माता-पिता भी पाढर रवाना हुए।
पुलिस के अनुसार फिलहाल घटना के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस द्वारा मामले में मर्ग कायम कर दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। इसके बाद घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जाएगी। पुलिस टीम घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाने के साथ परिजनों एवं संबंधित लोगों के बयान भी दर्ज करेगी। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




