Nagar Parishad Chicholi: Video: नगर परिषद के पुराने भवन में पकड़ाया शराब का बड़ा जखीरा

चिचोली में आबकारी की दबिश से हड़कंप, कमरों से मिली बोरियों में भरी देशी-विदेशी शराब
Nagar Parishad Chicholi: बैतूल। जिलेभर में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ आबकारी और पुलिस विभाग द्वारा चलाए जा रहे ताबड़तोड़ अभियान के बीच शनिवार को चिचोली में आबकारी विभाग की कार्रवाई ने सनसनी फैला दी। सूचना के आधार पर आबकारी अमले ने चिचोली स्थित एक पुराने भवन पर दबिश दी, जहां कमरों में बड़े पैमाने पर शराब का जखीरा बरामद होने की जानकारी सामने आई है।
मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि जिस भवन से शराब बरामद की गई है, वह नगर पालिका का पुराना भवन बताया जा रहा है। भवन के कमरों में बोरियों के अंदर बड़ी संख्या में देशी और विदेशी शराब की बोतलें रखी हुई मिलीं। अचानक हुई इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और शराब आखिर किसकी है, इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
भवन किसका और शराब का मालिक कौन?
सहायक आबकारी अधिकारी लीला मुकाती ने बताया कि, सूचना के बाद जिला आबकारी अधिकारी अंशुमान सिंह चढ़ार के निर्देश पर कार्रवाई के दौरान बड़े पैमाने पर शराब बरामद की गई है। बोरियों में देशी और विदेशी शराब की बोतलें भरी हुई प्रतीत हो रही हैं। फिलहाल शराब की गिनती और जांच की कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने बताया कि जिस भवन में शराब संग्रहित की गई थी, वह भवन किसका है और शराब का वास्तविक मालिक कौन है, इसकी जांच की जा रही है। कार्रवाई और जांच में समय लगेगा। शराब की मात्रा, उसके ब्रांड और वैधता की भी जांच की जाएगी।
जांच के बाद होगा बड़ा खुलासा
आबकारी विभाग का कहना है कि पूरी जांच के बाद मामले का खुलासा करते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया जाएगा। जिले में अवैध और जहरीली शराब के खिलाफ लगातार चल रही कार्रवाई के बीच चिचोली में पुराने भवन से शराब का जखीरा मिलने की सूचना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
अब सबकी निगाहें आबकारी विभाग की जांच पर टिकी हैं कि आखिर यह शराब किसने और किस उद्देश्य से यहां जमा कर रखी थी, शराब वैध है या अवैध यह भी जांच के बाद ही स्पस्ट होगा।




